दशहरा भाषण पर घिरे रणबीर कपूर, बोले- ‘गलती से फिसल गई थी जुबान’, मांगी माफी

0
7

मुंबई: दशहरा के मौके पर दिए गए अपने भाषण को लेकर चर्चा में आए रणबीर कपूर ने अब माफी मांग ली है। एक्टर ने कहा कि कोलकाता में हुए कार्यक्रम के दौरान उनसे बोलने में चूक हो गई थी, जिसे उन्होंने जुबान का फिसलना बताया है। बता दें, यह मामला पश्चिम बंगाल के साल्ट लेक सेंट्रल पार्क में हुए एक दशहरा कार्यक्रम से जुड़ा है। इस इवेंट की थीम ‘राम की अयोध्या’ रखी गई थी। यहां रणबीर ने त्योहार के महत्व पर बात की थी, लेकिन उनके एक वाक्य को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने उनके शब्दों को गलत संदर्भ में लिया जाने लगा।

चेन्नई में रामायण के ऑडियो लॉन्च पर दी सफाई

बुधवार को चेन्नई में नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ के म्यूजिक लॉन्च के दौरान रणबीर ने खुद इस मुद्दे पर बात की। उन्होंने कहा, “मैं इस मौके का इस्तेमाल करके कल हुई घटना के लिए माफी मांगना चाहता हूं। मैं दशहरा कार्यक्रम में था और वहां बोलते समय मेरी जुबान फिसल गई। मैं असल में यह कहना चाहता था कि बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में जीत अच्छाई और सच्चाई की ही होगी।”

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए रणबीर ने अपनी ही फिल्म ‘रॉकस्टार’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “इससे मुझे एआर रहमान सर के साथ किए गए अपने एक गाने की याद आती है – जो भी मैं कहना चाहूं, बर्बाद करें अल्फाज मेरे। इसलिए मैं सच में माफी मांगता हूं।” इस दौरान स्टेज पर प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा, डायरेक्टर नितेश तिवारी और एक्टर रवि दुबे भी मौजूद थे।

कब रिलीज होगी ‘रामायण’

नितेश तिवारी की ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को दिवाली के मौके पर दुनियाभर में रिलीज होगा, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में आएगा। इस फिल्म का बजट करीब 4000 करोड़ बताया जा रहा है और इसे प्राइम फोकस स्टूडियोज, DNEG और यश की कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में हैं, साई पल्लवी सीता बनी हैं, यश रावण के रोल में हैं, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा लारा दत्ता, अरुण गोविल और रकुल प्रीत सिंह भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और अंग्रेजी में रिलीज होगी और इसे IMAX में भी दिखाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here