वृंदावन: संत प्रेमानंद महाराज के वृंदावन स्थित श्रीहित राधा केलीकुंज आश्रम लौटने पर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। मांट क्षेत्र स्थित यमुना विहार आश्रम से पदयात्रा पूरी कर महाराज के वृंदावन पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में भक्त परिक्रमा मार्ग पर एकत्र हो गए। महाराज की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालु काफी देर तक प्रतीक्षा करते रहे। उनके आगमन के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
14 दिन बाद आश्रम वापसी पर भक्तों में विशेष उत्सुकता
करीब 14 दिन बाद महाराज के आश्रम लौटने को लेकर भक्तों में विशेष उत्सुकता रही। पदयात्रा के दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके साथ जुड़े रहे। वृंदावन पहुंचने पर भक्तों ने जयकारों के साथ उनका अभिनंदन किया। परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच भक्ति और आस्था का माहौल दिखाई दिया।
दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया
महाराज के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु हाथ जोड़कर उनका अभिवादन करते नजर आए। कई भक्तों ने पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया। पूरे मार्ग में राधे-राधे के जयकारे गूंजते रहे। संत के आगमन को लेकर भक्तों में सुबह से ही उत्सुकता बनी हुई थी। उनके आश्रम पहुंचने के साथ ही श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
Reported By: Prem Kaushik












