नोएडा: नोएडा के सेक्टर-115 स्थित निर्माणाधीन आइवरी काउंटी प्रोजेक्ट में गुरुवार रात 12वीं मंजिल से गिरकर 23 साल के मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी जावेद हुसैन के रूप में हुई है। वह प्रोजेक्ट में फोरमैन और लेबर इंचार्ज था।
घटना के बाद परिजनों और मजदूरों ने ठेकेदार पर शव को मलबे में छिपाकर गायब करने की कोशिश का आरोप लगाया है। विरोध में शुक्रवार को मजदूरों ने काम रोक दिया और कार्रवाई की मांग की। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 8 बजे जावेद ऊंचाई से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि हादसे के बाद ठेकेदार ने शव को मलबे में डालकर गायब करने की कोशिश की। मजदूरों का कहना है कि उन्हें शव देखने तक नहीं दिया गया और उसे चुपचाप वहां से हटा दिया गया।
आरोप यह भी है कि पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने वाला व्यक्ति बिना किसी को सूचना दिए वहां से चला गया। घटना के बाद से ठेकेदार के मौके से फरार होने का दावा भी किया जा रहा है।
मजदूरों ने काम रोका, कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और अन्य मजदूरों में नाराजगी फैल गई। मजदूरों ने शुक्रवार को प्रोजेक्ट में काम बंद कर विरोध जताया। उनकी मांग है कि हादसे की पूरी जानकारी दी जाए और मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। परिजनों का आरोप है कि उन्हें शव ले जाने की भी सूचना नहीं दी गई।
सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और शव छिपाने के आरोपों में कितनी सच्चाई है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।












