नई दिल्ली: हाई-टेक और आधुनिक कहे जाने वाले नोएडा शहर से दो ऐसी दिल दहला देने वाली वारदातें सामने आई हैं, जिन्होंने वैवाहिक रिश्तों और इंसानियत को एक बार फिर कटघरे में खड़ा कर दिया है। नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो विवाहित महिलाओं के साथ उनके ही ससुराल वालों द्वारा की गई बर्बरता की शिकायतें दर्ज हुई हैं। एक ओर जहां शादी के एक साल बाद पति के समलैंगिक होने की बात उजागर होने पर पीड़िता की हत्या का प्रयास किया गया, वहीं दूसरी ओर घरेलू कलह में सास और पति ने मिलकर महिला को अपने पालतू कुत्ते से कटवा दिया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।
नोएडा में दो महिलाओं पर अत्याचार
विवाह के लगभग एक साल बाद जब पीड़िता अपने पति को मेडिकल जांच के लिए डॉक्टर के पास ले गई, तो जांच रिपोर्ट में पति के समलैंगिक होने की पुष्टि हुई। इस राज के खुलते ही आरोपी डॉक्टर से ही हाथापाई करके मौके से भाग खड़ा हुआ।
आरोपी पति ने उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। पीड़िता का आरोप है कि शादी कराने वाले ननद-ननदोई ने भी इस धोखेबाजी में आरोपियों का साथ दिया।
समलैंगिक होने की बात खुली तो दबाया गला
पहला मामला नोएडा के सेक्टर-82 स्थित एक पॉश सोसाइटी का है। यहां रहने वाली पीड़िता का विवाह 17 नवंबर 2024 को प्रयागराज निवासी एक युवक से हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार, शादी के कई महीनों बाद भी उसका पति उससे दूरी बनाए रखता था और ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के रूप में फ्लैट और लग्जरी कार की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। रिश्तों को सुधारने की उम्मीद में महिला जब पति को थाईलैंड ट्रिप पर ले गई, तब भी आरोपी ने उसके साथ मारपीट की।
घरेलू विवाद में महिला पर छोड़ दिया खूंखार कुत्ता
बर्बरता का दूसरा मामला नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के सदरपुर गांव से सामने आया है। पीड़िता गुंजन शर्मा की शादी भी 17 नवंबर 2024 को राहुल शर्मा नामक युवक से हुई थी। 8 अगस्त को घर में किसी बात को लेकर सास और ननद के साथ बहस शुरू हो गई, जिसके बाद पति को फोन करके मौके पर बुलाया गया। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने मिलकर महिला के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
हैरत की बात यह रही कि उत्पीड़न की हदें पार करते हुए ससुराल वालों ने पीड़िता पर अपना पालतू कुत्ता छोड़ दिया। खूंखार कुत्ते ने महिला को कई जगह काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। किसी तरह महिला ने इमरजेंसी नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पीड़िता को घर से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।












