खंभे से बांधकर ASI की पिटाई, गांव में मचा बवाल, 59 लोगों पर FIR, जानें क्यों भड़के ग्रामीण

0
5

रांची: साहिबगंज जिले के तालझारी इलाके में पुलिस और ग्रामीणों के बीच टकराव का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मोतिझरना बाजार में पदस्थ ASI चिंटू कुमार को ग्रामीणों ने बिजली के खंभे से बांधकर जमकर पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित सिंह ने ASI को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।

नशे में हंगामा करने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि ASI चिंटू कुमार ड्यूटी के दौरान नशे में धुत होकर बाजार में हंगामा कर रहे थे। उनकी हरकतों से नाराज लोगों ने उन्हें घेर लिया और बिजली के पोल से बांध दिया। इस दौरान उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो रहा है।

सूचना मिलते ही तालझारी थाना प्रभारी नीतीश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और ASI को छुड़ाकर थाने ले गए। ग्रामीणों ने ASI के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत भी दी है। पुलिस प्रशासन ने मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है।

ASI ने बताई दूसरी कहानी

वहीं ASI चिंटू कुमार ने इस घटना को लेकर अलग शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर को वे सीनियर अधिकारियों के आदेश पर सुकसेना घाट में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की ड्यूटी पर थे। इसके बाद उन्हें महाराजपुर बाजार में मेला ड्यूटी के लिए भेजा गया। ASI के मुताबिक, वे सरकारी गाड़ी से सायरन बजाते हुए मोतिझरना से लौट रहे थे, तभी रात करीब 8:30 बजे मो. शाहरुख और मो. बाबर ने उनकी गश्ती गाड़ी रोक ली। उन्हें लगा कि कोई जरूरी काम है, लेकिन तभी मो. जाफर और मो. जावेद हुसैन ने उनकी वर्दी का कॉलर पकड़कर गाड़ी से खींचना शुरू कर दिया। इस दौरान उनकी वर्दी के बटन टूट गए।

ASI की शिकायत पर पुलिस ने 19 नामजद लोगों समेत करीब 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में शेख अली खान, गुड्डू खान, लड्डू खान, सडुल खान, शेख राजा और गुलबाज खान सहित कई लोग शामिल हैं। दूसरी तरफ ग्रामीणों ने भी एसपी से मिलकर ASI के खिलाफ कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here