पाकिस्तान के कराची में भी नवरात्रि की धूम, मंदिर में गरबा, पूजा और भंडारे का वीडियो वायरल

0
5

नई दिल्ली: भारत में नवरात्रि के दौरान हर तरफ माता रानी की भक्ति, गरबा और डांडिया की धूम देखने को मिलती है। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है और जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि पड़ोसी देश पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू नवरात्रि कैसे मनाते हैं? इन दिनों सोशल मीडिया पर कराची के मंदिरों से जुड़े कुछ वीडियो चर्चा में हैं। इनमें पूजा-पाठ, गरबा, भजन-कीर्तन और भंडारे की झलक दिखाई दे रही है।

लड़की ने दिखाया पाकिस्तान में नवरात्रि का नजारा

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में सिंधी कंटेंट क्रिएटर मुंजी गल्हियुन कराची के श्री रत्नेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचती नजर आती हैं। वीडियो में वह नंगे पैर मंदिर में प्रवेश करती हैं और पूजा-अर्चना करती दिखाई देती हैं। इसके बाद मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं के साथ गरबा करती हैं। वीडियो में भक्तों की भीड़ और उत्सव का माहौल भी देखने को मिलता है।

इंस्टाग्राम यूजर @munji_galhiyun की ओर से साझा किए गए इन वीडियो में मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों की झलक दिखाई गई है। श्रद्धालु माता की भक्ति में लीन नजर आते हैं। कहीं भजन-कीर्तन हो रहा है, तो कहीं लोग गरबा करके उत्सव मना रहे हैं।

गरबा से लेकर भंडारे तक की दिखी झलक

वीडियो का एक खास हिस्सा मंदिर में होने वाला भंडारा है। इसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटते हुए दिखाया गया है। दाल-चावल और पापड़ जैसे भोजन की झलक भी सामने आई है। मंदिर परिसर में पूजा और भक्ति के साथ सामूहिक रूप से उत्सव मनाते लोगों को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों ने पाकिस्तान में रहने वाले हिंदू समुदाय को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। वहीं, कुछ यूजर्स ने कहा कि त्योहार और धार्मिक परंपराएं लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम करती हैं।

पाकिस्तान में कहां रहती है हिंदू आबादी?

पाकिस्तान में हिंदू समुदाय की बड़ी आबादी सिंध प्रांत में रहती है। कराची भी इसी प्रांत का प्रमुख शहर है। यहां कई हिंदू धार्मिक स्थल मौजूद हैं, जहां विभिन्न त्योहारों पर श्रद्धालु जुटते हैं। नवरात्रि के दौरान मंदिरों में पूजा, भजन और गरबा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कराची से सामने आए इन वीडियो ने एक बार फिर दिखाया है कि सीमाओं के अलग होने के बावजूद धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराएं लोगों के जीवन में खास जगह रखती हैं। यही वजह है कि ये वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here