नई दिल्ली: पिछले कुछ दिनों से सोना-चांदी में जारी गिरावट का दौर अभी थमा नहीं है। हफ्ते के पहले दिन सोमवार को भी चांदी की चमक फीकी रही, जबकि सोने ने ग्रीन जोन में वापसी कर ली है। चांदी अब अपने ऑल-टाइम हाई से 2.25 लाख रुपये प्रति किलो तक सस्ती हो चुकी है। MCX पर सोमवार को चांदी में फिर गिरावट देखने को मिली, हालांकि रफ्तार पहले से धीमी है। दिन के दौरान चांदी कभी ग्रीन तो कभी रेड जोन में आती-जाती रही।
सुबह के कारोबार में 4 दिसंबर एक्सपायरी वाली चांदी 1,057 रुपये गिरकर 1,94,662 रुपये प्रति किलो पर आ गई, जबकि शुक्रवार को यह 1,95,719 रुपये पर बंद हुई थी। अब अगर हाई से गिरावट देखें तो आंकड़ा चौंकाने वाला है। जनवरी 2026 के आखिरी हफ्ते में चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलो का लाइफ टाइम हाई बनाया था। उस रिकॉर्ड स्तर से अब तक यह 2,25,386 रुपये सस्ती हो चुकी है।
ग्लोबल मार्केट में कमजोरी
ग्लोबल मार्केट में भी यही हाल है। इंटरनेशनल मार्केट में चांदी टूटकर 53 डॉलर प्रति औंस पर आ गई है, जो नवंबर 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है। अपने पीक से यह करीब 55% तक टूट चुकी है। चॉइस ब्रोकिंग की कमोडिटी एनालिस्ट पिंकी यादव के मुताबिक, शेयर बाजार में बड़ी बिकवाली के कारण निवेशक टेक शेयरों का घाटा कवर करने के लिए सोना-चांदी बेच रहे हैं। साथ ही मजबूत डॉलर, बॉन्ड यील्ड में तेजी और मिडिल ईस्ट में तनाव ने भी चांदी पर दबाव बढ़ाया है।
सोने ने दिखाई मजबूती
चांदी के उलट सोने में आज तेजी रही। MCX पर 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव ओपनिंग से ही हरे निशान में रहा। सोना 1,43,100 रुपये पर पहुंच गया, जबकि शुक्रवार को यह 1,42,024 रुपये पर बंद हुआ था। यानी करीब 1,000 रुपये से ज्यादा की बढ़त। एक्सपर्ट्स का कहना है कि सोने में अभी सेफ हेवन डिमांड बनी हुई है, जबकि चांदी इंडस्ट्रियल डिमांड कमजोर होने से ज्यादा टूट रही है।












