अब मेट्रो में नहीं लगाना पड़ेगा भीड़ का अंदाजा, स्क्रीन बताएगी किस डिब्बे में कितनी जगह खाली

0
6

नई दिल्ली: मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब ट्रेन के आने से पहले ही पता चल जाएगा कि किस डिब्बे में कितनी भीड़ है और किसमें अपेक्षाकृत अधिक जगह उपलब्ध है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वास्तविक समय में डिब्बों की भीड़ बताने वाली व्यवस्था का विस्तार पिंक लाइन पर भी कर दिया है। इससे पहले यह सुविधा मैजेंटा लाइन पर सफलतापूर्वक संचालित की जा रही थी।

इस नई व्यवस्था के लागू होने से यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर खड़े होकर अपनी पसंद का कम भीड़ वाला डिब्बा चुनने में आसानी होगी। खासतौर पर सुबह और शाम के व्यस्त समय में यह सुविधा काफी मददगार साबित होगी।

सेंसर बताएंगे हर डिब्बे का हाल

इस तकनीक के तहत मेट्रो के प्रत्येक डिब्बे में लगाए गए भार मापक सेंसर यात्रियों के वजन के आधार पर डिब्बे में मौजूद भीड़ का अनुमान लगाते हैं। इसके बाद खाली डिब्बे के निर्धारित वजन से तुलना कर यात्रियों के भार का प्रतिशत निकाला जाता है। यह जानकारी ट्रेन आने से ठीक पहले प्लेटफॉर्म पर लगी यात्री सूचना स्क्रीन पर सी-1 से सी-6 तक प्रदर्शित होती है। पिंक लाइन के वृत्ताकार मार्ग होने के कारण इस तकनीक को लागू करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन डीएमआरसी ने डेटा को आपस में जोड़ने की व्यवस्था विकसित कर इसे सफलतापूर्वक शुरू किया है।

भीड़ का बंटवारा, सफर में आराम

इस पहल से किसी एक डिब्बे में अत्यधिक भीड़ जमा होने की समस्या कम होगी। यात्रियों का समय बचेगा, चढ़ने-उतरने में सुविधा मिलेगी और उपलब्ध जगह का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा। डीएमआरसी का कहना है कि यात्री सुविधाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।

Reported by- Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here