शादी के बाद भी दिल में रहा पुराना प्यार, लखनऊ में पत्नी अड़ी आशिक के संग रहने पर, पति के एक फैसले ने सबको चौंकाया

0
5
Malihabad Viral News
X/@1_ummati_1

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सामने आया यह मामला किसी फिल्मी कहानी जैसा लग रहा है. शादी के करीब एक साल बाद एक महिला अचानक अपने पुराने प्रेमी के साथ घर से चली गई. चार दिन की तलाश के बाद पुलिस ने उसे हरदोई से बरामद किया. थाने में जब परिवार के सामने उससे बात हुई तो उसने पति के साथ लौटने से साफ मना कर दिया. महिला ने कहा कि वह अपने पुराने प्रेमी के साथ ही जिंदगी बिताना चाहती है. इसके बाद उसके पति ने जो फैसला लिया, उसकी अब खूब चर्चा हो रही है.

मलिहाबाद थाना क्षेत्र में रहने वाले PRD जवान की शादी करीब एक साल पहले हुई थी. शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य चल रहा था. बताया जा रहा है कि महिला का अपने स्कूल के समय से ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था. दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और वहीं उनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई थी. परिवार की इच्छा के चलते महिला की शादी PRD जवान से हो गई, लेकिन पुराने रिश्ते से उसका संपर्क पूरी तरह खत्म नहीं हुआ. करीब चार दिन पहले वह बिना बताए ससुराल से चली गई. काफी खोजबीन के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर परिवार ने मलिहाबाद कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई.

हरदोई में प्रेमी के साथ मिली महिला

पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सर्विलांस की मदद से महिला की लोकेशन हरदोई में मिली. इसके बाद मलिहाबाद पुलिस वहां पहुंची और महिला को उसके प्रेमी के साथ सकुशल बरामद कर लिया. दोनों को थाने लाया गया, जहां परिवार के लोगों की मौजूदगी में काफी देर तक बातचीत हुई. पुलिस और परिजनों ने महिला को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले से पीछे नहीं हटी. उसने पति के साथ वापस जाने से इनकार करते हुए प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई.

पति ने पत्नी की इच्छा का किया सम्मान

महिला की जिद को देखते हुए PRD जवान ने भी उसे जबरदस्ती अपने साथ रखने से मना कर दिया. उसने पत्नी की इच्छा और उसकी खुशी को प्राथमिकता देते हुए अलग होने का फैसला स्वीकार कर लिया. इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से आगे की प्रक्रिया पूरी की गई.

बताया गया कि जरूरी औपचारिकताओं के बाद स्थानीय मंदिर में महिला और उसके पुराने प्रेमी का हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कराया गया. दोनों ने सात फेरे लिए. इसके बाद PRD जवान ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ विदा कर दिया. महिला और उसका प्रेमी दोनों माल थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं. शादी के बाद पुराने प्रेमी के साथ महिला के दोबारा जाने की यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. वहीं, पति के फैसले को लेकर भी लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here