मदीना की ओर हूतियों ने भेजा ड्रोन! अदन में राष्ट्रपति भवन और एयरपोर्ट पर भी मिसाइल अटैक

0
10

नई दिल्ली: यमन में हूती विद्रोहियों के ताजा हमलों ने सऊदी अरब और दक्षिणी यमन में तनाव बढ़ा दिया है। शुक्रवार को हूतियों की ओर से हमलों की नई लहर शुरू की गई। सऊदी और यमनी अधिकारियों के अनुसार, एक ड्रोन को सऊदी अरब के पवित्र शहर मदीना की दिशा में भेजा गया, जबकि दक्षिणी यमन के अदन शहर में राष्ट्रपति भवन परिसर और हवाई अड्डे को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया गया।

हूतियों के खिलाफ लड़ रहे सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने शुक्रवार को जानकारी दी कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने मदीना क्षेत्र के ऊपर एक ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया। मदीना में स्थित मस्जिद-ए-नबवी इस्लाम के सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों में शामिल है। इससे पहले गठबंधन मक्का क्षेत्र में भी एक ड्रोन को मार गिराने का दावा कर चुका है। मक्का में मस्जिद अल-हरम और काबा स्थित हैं, जबकि मदीना में पैगंबर मोहम्मद की मस्जिद है। इन दोनों शहरों का मुसलमानों के लिए विशेष धार्मिक महत्व है और हर साल बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं।

अदन में राष्ट्रपति भवन और एयरपोर्ट पर मिसाइल हमला

दूसरी ओर, यमन के दक्षिणी शहर अदन में भी शुक्रवार को हमले किए गए। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हूतियों ने दो मिसाइलों से राष्ट्रपति भवन परिसर को निशाना बनाया। यमन सरकार के सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि अल-माशीक पैलेस और अदन हवाई अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि मिसाइलें अपने लक्ष्य पर लगीं या नहीं। अधिकारियों ने किसी के हताहत होने या नुकसान की पुष्टि भी नहीं की है। दो प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति भवन परिसर की ओर एम्बुलेंस जाते देखीं। वहीं, स्थानीय लोगों के मुताबिक, शहर में कुछ समय पहले दो जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी थी।

अदन यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार का प्रमुख केंद्र है। साल 2014 में हूतियों ने सरकार को राजधानी सना से बाहर कर दिया था। इसके बाद से देश में संघर्ष जारी है। बुधवार को भी हूतियों ने अदन हवाई अड्डे पर हमला किया था और उससे पहले लोगों को वहां से हटने की चेतावनी दी थी। यह एयरपोर्ट दक्षिणी यमन में मानवीय सहायता पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण रास्ता है।

हूतियों ने सऊदी अरब के आरोपों को बताया झूठा

सऊदी अरब पहले भी हूतियों पर मक्का और मदीना के आसपास ड्रोन हमले की कोशिश करने का आरोप लगा चुका है। सितंबर में गठबंधन ने मक्का के दक्षिण में एक ड्रोन को नष्ट करने की जानकारी दी थी। हालांकि, हूती विद्रोही इन आरोपों को लगातार खारिज करते रहे हैं। शुक्रवार को हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सऊदी अरब के दावे को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने सऊदी क्षेत्र के खिलाफ कोई सैन्य अभियान नहीं चलाया है। उनके अनुसार, हूतियों के हमलों का निशाना केवल सऊदी अरब के सैन्य ठिकाने और तेल से जुड़े बुनियादी ढांचे हैं। संगठन ने सऊदी अरब पर हमलों को लेकर गलत दावे फैलाने का आरोप भी लगाया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here