नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इंसानियत और अमीर-गरीब के बीच के भेदभाव पर फिर से बहस छेड़ दी है। वीडियो में एक मजदूर को अपने सिर पर भारी कंक्रीट के दो ब्लॉक रखकर 21वीं मंजिल तक सीढ़ियां चढ़ते हुए देखा जा सकता है, जबकि उसी बिल्डिंग में चार लिफ्ट चालू हालत में थीं। ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
कंस्ट्रक्शन वर्कर की हालात आया तरस
यह वीडियो पहले इंस्टाग्राम यूजर डिम्प्स ने शेयर किया था। हालांकि अब यह उनकी प्रोफाइल से हटा दिया गया है, लेकिन तब तक इसकी कॉपी कई प्लेटफॉर्म पर फैल चुकी थी। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक कंस्ट्रक्शन वर्कर थका-हारा धीरे-धीरे सीढ़ियां चढ़ रहा है। उसके सिर पर दो बड़े ब्लॉक रखे हैं और चढ़ाई कई मंजिलों तक लंबी है।
वीडियो बनाते हुए डिम्प्स ने कहा कि बिल्डिंग में चार लिफ्ट मौजूद हैं, लेकिन मजदूरों को उनका इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं है। उन्होंने वीडियो में कहा, “देखिए, इस बिल्डिंग में चार लिफ्ट हैं और इन मजदूरों को सामान ऊपर ले जाने के लिए लिफ्ट इस्तेमाल नहीं करने दी जा रही। बेचारे मजदूर 21वीं मंजिल तक सीढ़ियां चढ़ रहे हैं।” उन्होंने लिफ्टों को भी कैमरे में दिखाया जो पूरी तरह ठीक लग रही थीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “इसी तरह हमारा देश तरक्की करेगा, जहां चार लिफ्ट हैं लेकिन गरीबों की उन तक पहुंच नहीं है।”
इंसानियत को लेकर उठे सवाल
बाद में इस वीडियो को X पर अमित सिंह नाम के यूजर ने दोबारा शेयर किया। उन्होंने लिखा कि चार लिफ्ट होने के बावजूद मजदूर को 21 मंजिल तक भारी सामान ढोने पर मजबूर किया जा रहा है क्योंकि लिफ्ट सिर्फ रहने वालों के लिए रिजर्व हैं। उन्होंने इस व्यवस्था को बुनियादी इंसानियत की कमी बताया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कई यूजर्स ने कहा कि यह सिर्फ सुविधा का नहीं, बल्कि इज्जत का सवाल है। जब एक लग्जरी बिल्डिंग बनाने वाले मजदूर को ही उसकी सुविधाओं से वंचित रखा जाए तो यह बेहद शर्मनाक है।
एक यूजर ने इस व्यवहार की तुलना गुलामी से कर दी और लिखा कि सदियों की सभ्यता के बाद भी अगर हम अपने ही लोगों का शोषण कर रहे हैं तो हमने क्या सीखा। दूसरे यूजर ने कहा कि मजदूरों को कम से कम काम करने के लिए मानवीय हालात तो मिलने ही चाहिए।












