1-3 के लालच में हजारों मोबाइल बने साइबर ठगी के हथियार, कुवैत तक पहुंचा ठगी का काला कारोबार

0
8

नई दिल्ली: महज एक से तीन रुपये कमाने के लालच में हजारों लोगों के मोबाइल फोन साइबर अपराधियों के हाथों ठगी के हथियार बन गए। किसी को चंद रुपयों का इनाम मिला तो किसी के मोबाइल से हजारों लोगों तक धोखाधड़ी के संदेश पहुंच गए। फर्जी यातायात चालान के नाम पर शुरू हुआ यह खेल देखते ही देखते करोड़ों रुपये के अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क में तब्दील हो गया। दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पश्चिम जिले की साइबर थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में ठगी की रकम के तार कुवैत तक जुड़े मिले हैं।

एक शिकायत, करोड़ों की ठगी का खुलासा

साउथ वेस्ट जिला इस पूरे मामले का खुलासा 28 नवंबर 2025 को मिली एक शिकायत से हुआ। पीड़ित को यातायात चालान जमा करने के नाम पर एक संदेश मिला जिसमें भुगतान के लिए संदिग्ध कड़ी भेजी गई थी। जैसे ही उसने उस कड़ी को खोला उसके क्रेडिट कार्ड से 2.21 लाख रुपये निकल गए। शिकायत की जांच दक्षिण-पश्चिम जिला साइबर थाना पुलिस ने शुरू की तो अपराधियों के ऐसे नेटवर्क का पता चला जिसकी जड़ें कई राज्यों और विदेश तक फैली थीं।

तीन रुपये का लालच और मोबाइल से ठगी का खेल

जांच में ‘विंगो कैश’ नामक मोबाइल ऐप की भूमिका सामने आई। आरोपी लोगों को इनाम की राशि भुनाने के नाम पर इस ऐप का इस्तेमाल कराते थे। इनाम हासिल करने की प्रक्रिया के दौरान मोबाइल की स्क्रीन करीब 30 सेकंड तक बंद हो जाती थी और इसी दौरान फोन से अपने आप 9 से 12 फर्जी संदेश भेजे जाते थे। इसके बदले उपयोगकर्ता को महज एक से तीन रुपये दिए जाते थे। इन संदेशों में फर्जी यातायात चालान, सामान की आपूर्ति की पुष्टि और इनाम अंक भुनाने के नाम पर धोखाधड़ी वाली कड़ियां भेजी जाती थीं।

41 हजार मोबाइल, 3,300 फर्जी संदेश और 10 करोड़ का खेल

पुलिस ने भुगतान के लेन-देन की जांच की तो मुंबई स्थित श्री बालाजी एंटरप्राइजेज का बैंक खाता सामने आया। महज तीन दिनों में 41 हजार से अधिक मोबाइल उपयोगकर्ताओं को करीब दो करोड़ रुपये के छोटे-छोटे भुगतान किए जाने का पता चला। जांच में 3,300 फर्जी संदेश भेजे जाने और देशभर में दर्ज 544 साइबर शिकायतों का इस नेटवर्क से संबंध सामने आया। इन शिकायतों में 10 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का खुलासा हुआ। ठगी की रकम का एक हिस्सा कुवैत के नेशनल बैंक ऑफ कुवैत तक पहुंचने की जानकारी भी मिली।

पांच गिरफ्तार ठगी के कारोबार का सामान बरामद

पुलिस ने मोती सिंह बघेला, हर्षपाल, विक्की, विशाल दास वैष्णव और बर्जेश कुमार को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक कार, 15 मोबाइल फोन और टैबलेट, 59 डेबिट कार्ड, 52 बैंक पासबुक एवं चेकबुक, 14 फर्मों की मुहरें, पांच भुगतान मशीनें, आठ क्यूआर संकेतक और सोने की चेन बरामद की गई है।दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल के अनुसार मामले की जांच जारी है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों बैंक खातों और विदेश तक फैले वित्तीय संपर्कों की पड़ताल कर रही है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here