चौदहवीं मंजिल से गिरकर 67 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, परिवार में मचा कोहराम

0
7

वृंदावन: रुक्मणि विहार क्षेत्र में रविवार सुबह एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। 67 वर्षीय अशोक कपूर संस्कार सिटी हाउसिंग सोसाइटी की 14वीं मंजिल से नीचे गिर गए। ऊंचाई से गिरने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिचित के फ्लैट पर जाने के दौरान 14वीं मंजिल से गिरे बुजुर्ग

दिल्ली के दिलशाद गार्डन निवासी अशोक कपूर पिछले आठ महीने से पत्नी के साथ रुक्मणि विहार स्थित पारस प्राइड सोसाइटी में रह रहे थे। रविवार सुबह वह पत्नी सोनिया से टहलने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वह पास की संस्कार सिटी सोसाइटी पहुंचे। यहां 14वीं मंजिल पर रहने वाले अपने परिचित महेंद्र मनोचा के फ्लैट पर जाने के लिए उन्होंने लिफ्ट ली। बताया जा रहा है कि मंजिल पर पहुंचने के बाद वह फ्लैट तक जाने के बजाय बालकनी से नीचे गिर गए। घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई।

चार साल से अवसाद का चल रहा था इलाज, पुलिस जांच में जुटी

हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पति की मौत की खबर सुनकर पहुंची पत्नी सोनिया का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के मुताबिक, अशोक कपूर पिछले करीब चार वर्षों से अवसाद से जूझ रहे थे और उनका उपचार भी चल रहा था। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। बेटा परीक्षित कपूर दिल्ली में अधिवक्ता हैं। पुलिस ने परिजनों से जानकारी जुटाने के साथ ही घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

चार दिन पहले साथ मनाया था करवा चौथ, परिवारों में थे अच्छे संबंध

अशोक कपूर का व्यवहार मिलनसार था। पारस प्राइड सोसाइटी के मंदिर में दर्शन के दौरान उनकी पहचान महेंद्र मनोचा से हुई थी। दोनों परिवारों के बीच भी अच्छे संबंध थे। महेंद्र मनोचा के मुताबिक, चार दिन पहले ही अशोक कपूर पत्नी के साथ उनके फ्लैट पर करवा चौथ की पूजा करने आए थे। दोनों परिवारों ने साथ मिलकर त्योहार मनाया था। किसी ने नहीं सोचा था कि कुछ दिन बाद ही इस तरह की दुखद घटना सामने आएगी।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here