नोएडा: राह चलते लोगों को मदद और लिफ्ट देने का झांसा, फिर सुनसान रास्तों पर हथियारों का खौफ दिखाकर लूटपाट! आम नागरिकों को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर गिरोह का नोएडा पुलिस ने आधी रात को ऐसा हिसाब चुकता किया कि उसके चारों सदस्य कानून के शिकंजे में आ गए। थाना सेक्टर-63 पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो लुटेरे पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान उनके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में घायल बदमाशों की पहचान दिल्ली निवासी विकास उर्फ कालू और नोएडा के बसई निवासी राजेश उर्फ ढेडा के रूप में हुई है। वहीं, गिरफ्तार किए गए अन्य दो आरोपियों की पहचान शंकर शर्मा और कपिल कश्यप के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, चाकू और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर बदमाशों ने बदला रास्ता
डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई एक और दो नवंबर की दरम्यानी रात को की गई। थाना सेक्टर-63 पुलिस की टीम सेक्टर-62 गोलचक्कर के पास नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध युवक पुलिस की नजर में आए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन कानून के शिकंजे में आने के डर से आरोपियों ने रुकने के बजाय मोटरसाइकिलें मोड़ दीं और बहलोलपुर अंडरपास की तरफ भागने लगे।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। सर्विस रोड पर खुद को चारों तरफ से घिरता देख बदमाशों ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाते हुए जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस टीम ने मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान विकास उर्फ कालू और राजेश उर्फ ढेडा के पैरों में गोली लग गई और दोनों मौके पर गिर पड़े। पुलिस ने तत्काल उन्हें दबोचकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
घेराबंदी के आगे नहीं चली चालाकी, दो और साथी दबोचे
मुठभेड़ के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर रहे गिरोह के दो अन्य सदस्यों को भी पुलिस ने घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। इस तरह पुलिस की कार्रवाई में गिरोह के चारों आरोपी कानून के शिकंजे में आ गए।
हथियारों का जखीरा और चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने घायल आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए। इसके अलावा चोरी की एक बुलेट मोटरसाइकिल भी मिली।

वहीं गिरफ्तार किए गए शंकर शर्मा और कपिल कश्यप के पास से दो चाकू तथा एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस अब बरामद वाहनों और हथियारों के संबंध में भी जांच कर रही है।
लिफ्ट के बहाने बनाते थे शिकार, सुनसान रास्तों पर देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में गिरोह की वारदात करने का तरीका सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी आम लोगों को अपनी मोटरसाइकिल या गाड़ी पर लिफ्ट देने का भरोसा दिलाकर बैठाते थे। इसके बाद उन्हें सुनसान रास्तों की तरफ ले जाकर हथियारों का भय दिखाते और लूटपाट करने के बाद रास्ते में छोड़कर फरार हो जाते थे। इस तरीके से वे राहगीरों को अपना आसान निशाना बनाते थे।
आपराधिक इतिहास भी कम नहीं, चारों पर दर्ज हैं कई मुकदमे
डीसीपी सेंट्रल नोएडा के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। विकास उर्फ कालू के खिलाफ लूट, गैंगस्टर अधिनियम और आयुध अधिनियम समेत 22 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं, राजेश उर्फ ढेडा के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और गैंगस्टर अधिनियम समेत 18 मुकदमे दर्ज हैं।

आरोपी शंकर शर्मा के खिलाफ चोरी और आयुध अधिनियम से संबंधित 10 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। चौथे आरोपी कपिल कश्यप के संबंध में पुलिस ने बताया कि वह दिल्ली और नोएडा के आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह की अन्य वारदातों, आपराधिक नेटवर्क और इनके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों को लिफ्ट देने के बहाने अपना शिकार बनाया है।
Reported By: Pankaj Rai












