ग्राहक बनकर पहुंचे आबकारी अधिकारी, खुल गई ओवररेटिंग की पोल

0
5

मथुरा:  शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत जिला आबकारी अधिकारी उपेंद्र सिंह ने खुद ग्राहक बनकर कोसीकलां क्षेत्र की बठैन मोड़ स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान पर गोपनीय खरीद की। जांच में विक्रेता द्वारा शराब की बोतल निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचने की पुष्टि हुई। इस पर संबंधित दुकान के अनुज्ञापी को नोटिस जारी करते हुए 75 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।

जिला आबकारी अधिकारी ने ग्राहक बनकर की गोपनीय खरीदारी

जिला आबकारी अधिकारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि विभाग को दूरभाष और आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उन्होंने स्वयं गोपनीय तरीके से दुकान पर पहुंचकर शराब खरीदी। इस दौरान विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि वसूले जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित अनुज्ञापी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 75 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

दोबारा ओवररेटिंग पर दुकान का लाइसेंस निलंबित करने की चेतावनी

आबकारी विभाग ने संबंधित दुकान संचालक को भविष्य में इस तरह की अनियमितता नहीं करने की चेतावनी भी दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दोबारा ओवररेटिंग की शिकायत या पुष्टि होने पर दुकान का अनुज्ञापन निलंबित करने के साथ ही अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अवैध शराब और ओवररेटिंग के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जनपद में शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग और अवैध मदिरा की बिक्री रोकने के लिए औचक निरीक्षण और विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा। निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली करने और अवैध शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here