नई दिल्ली: प्यार की कोई भाषा नहीं होती, ये तो आपने सुना ही होगा। लेकिन चीन के एक कपल की कहानी ने साबित कर दिया कि बिना भाषा के प्यार भी अधूरा है। मामला लियाओनिंग के 28 साल के डिलीवरी बॉय लियू हाओ और अमेरिका के अलबामा की 31 साल की टीचर हन्ना हैरिस का है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक हन्ना चीन में अंग्रेजी पढ़ाती थीं।
कब और कैसे हुई मुलाकात
दोनों की मुलाकात नवंबर 2024 में एक फूड डिलीवरी के दौरान हुई। लियू खाना लेकर उनके घर पहुंचा था। लिफ्ट में पहली बार मिलते ही लियू ने टूटी-फूटी अंग्रेजी में कह दिया- ‘हैलो, आई लव यू’। हन्ना को ये अंदाज पसंद आ गया। फिर बातचीत शुरू हुई। दोनों को घूमना, खाना और जानवरों से प्यार था, इसी ने उन्हें करीब ला दिया। जनवरी 2025 में लियू ने मेट्रो स्टेशन पर प्रपोज किया और मार्च 2025 में दोनों ने शादी कर ली।
इस शादी की चीन में खूब चर्चा हुई। वजह थी हन्ना ने दहेज जैसा कुछ नहीं मांगा। न घर, न कार और न ही चीन में चलने वाला ब्राइड प्राइस। लोग उनकी खूब तारीफ कर रहे थे। लियू ने तब कहा था- हम भले एक-दूसरे की भाषा न समझें, दिल तो जुड़े हैं।
हांगझोऊ शिफ्ट होते ही बढ़ीं मुश्किलें
शादी के बाद सितंबर 2025 में दोनों हांगझोऊ शिफ्ट हो गए। सोचा था टेक हब में लाइफ बेहतर होगी और ठंड से भी बचेंगे, पर यहीं से परेशानियां शुरू हुईं।दोनों के बीच पहले से भाषा की दीवार थी। वे ट्रांसलेशन ऐप से बात करते थे। रोज की बात तो हो जाती, पर दिल की बात, झगड़े और गलतफहमियां सुलझाना मुश्किल होने लगा। खाने-पीने से लेकर रहन-सहन तक सब अलग था। लियू को नॉर्थ-ईस्ट चाइना का लोकल खाना पसंद, हन्ना को पिज्जा और मीठा।
हन्ना दो साल से चीन में थीं, पर नई जगह पर अकेलापन सताने लगा। रोज 8-9 घंटे काम, कोई दोस्त नहीं, कोई सर्कल नहीं। ऊपर से चीन में अमेरिकी सोशल मीडिया नहीं चलता, तो घर की याद और बढ़ गई।
वीडियो डालकर किया तलाक का ऐलान
आखिरकार 23 अक्टूबर को लियू ने वीडियो डालकर तलाक का ऐलान कर दिया। दोनों आपसी सहमति से अलग हो रहे हैं और लियाओनिंग जाकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करेंगे। लियू ने वजह सांस्कृतिक मतभेद बताई। कहा- न कोई धोखा था, न पैसों का झगड़ा, बच्चे भी नहीं हैं। ग्रीन कार्ड के लिए शादी वाले आरोपों पर बोला- मैं तो प्राइमरी तक ही पढ़ा हूं, ग्रीन कार्ड क्या होता है पता भी नहीं था।
लियू ने कहा, “सोचा था प्यार काफी है, पर हकीकत के सामने नहीं टिक पाया।” हन्ना अभी हांगझोऊ में हैं, अगले साल अमेरिका लौटेंगी। लियू गांव लौटकर लाइव स्ट्रीमिंग पर खेती के सामान बेच रहे हैं।












