मुज़फ़्फ़रनगर: पुलिस एनकाउंटर में ट्रांसफॉर्मर चोर घायल, 25 मुकदमों वाले साथी समेत 2 पकड़े गए

0
5

उत्तरप्रदेश: मुज़फ़्फ़रनगर में ट्रांसफॉर्मर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एसएसपी सूरज कुमार राय के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन लंगड़ा के तहत नगर कोतवाली पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिन्ना बाईपास के पास हुई इस मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, ई-रिक्शा और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

घायल बदमाश समेत तीन गिरफ्तार, एक पर दर्ज हैं 25 मुकदमे

ASP सिद्धार्थ के. मिश्रा के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान शाहनवाज पुत्र रफीक उर्फ भूरा के रूप में हुई है। शाहनवाज के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग की, जिसके दौरान गिरोह के दो अन्य सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। इनमें आरिश पुत्र जिंदा और ताहिर पुत्र यशीन शामिल हैं। आरिश की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने बताया कि वह चार दिन पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया था। उसके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है। वहीं, गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी ताहिर पुत्र यशीन के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में 25 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इन आरोपियों की भूमिका और ट्रांसफॉर्मर चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

तांबे के बंडल, ई-रिक्शा और अवैध हथियार बरामद

ASP सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक ई-रिक्शा, तांबे के बंडल, ट्रांसफॉर्मर की कॉइल, 315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामदगी में ट्रांसफॉर्मर से निकाली गई कॉइल और तांबे के बंडल मिलने के बाद पुलिस गिरोह से जुड़े चोरी के मामलों की पड़ताल में जुटी है। एसएसपी सूरज कुमार राय के नेतृत्व में चल रही इस कार्रवाई के तहत पुलिस बदमाशों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। पिन्ना बाईपास पर हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के नेटवर्क, चोरी के माल की खपत और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Reported By: Rohit

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here