सवालों से ऊपर कोई पद नहीं, पत्रकारिता का काम व्यवस्था को जवाबदेह बनाना : राजेंद्र सोरखी

0
5

हांसी: हांसी प्रेस क्लब की ओर से दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में आम आदमी पार्टी के हांसी जिला अध्यक्ष राजेंद्र सोरखी ने मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत हिसार निवासी दिवंगत पत्रकार ओपी शर्मा को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस अवसर पर राजेंद्र सोरखी ने पत्रकारों एवं उनके परिवारों को दीपावली, धनतेरस, भाई दूज और विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं।

निष्पक्षता ही सच्ची पत्रकारिता की पहचान

हांसी प्रेस क्लब के प्रधान संदीप सैनी ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। समारोह को संबोधित करते हुए राजेंद्र सोरखी ने कहा कि सच्ची पत्रकारिता वही है, जिसमें पत्रकार बिना किसी भय, लोभ और दबाव के अपनी बात रखते हैं। किसी भी नेता या अधिकारी का पद सवालों से ऊपर नहीं है। पत्रकारों का दायित्व है कि वे निष्पक्ष रहकर व्यवस्था से सवाल पूछें और आमजन की आवाज जिम्मेदार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पत्रकार हमेशा विपक्ष की भूमिका में होता है और उसे किसी दल या विचारधारा से प्रभावित हुए बिना जनहित के मुद्दे उठाने चाहिए।

जनसमस्याओं को आवाज देने का माध्यम है मीडिया

उन्होंने कहा कि जब किसी व्यक्ति की बिजली, पानी, सडक़ या सीवरेज जैसी समस्याओं का समाधान कहीं नहीं होता, तो वह अपनी आवाज मीडिया के माध्यम से ही प्रशासन तक पहुंचाता है। पत्रकारिता समाज के जरुरतमंद और कमजोर वर्गों को आवाज देने का सशक्त माध्यम है। आज डिजिटल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में पत्रकारिता की गति बढ़ी है। ऐसे में पत्रकारों को आर्थिक और बजट संबंधी मामलों की समझ भी विकसित करनी चाहिए, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय घटनाओं का असर स्थानीय बाजार और आम आदमी की जिंदगी पर भी पड़ता है। सोरखी ने कहा कि देश में शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, सडक़ों और बुनियादी व्यवस्था को लेकर पक्ष और विपक्ष दोनों को जवाबदेह होना चाहिए। थोड़ी सी बारिश में शहरों का जलमग्न होना और सीवरेज व्यवस्था का ठप होना व्यवस्था में पारदर्शिता और ईमानदारी की कमी को दर्शाता है।

विकास कार्यों और जवाबदेही पर सवाल उठाए जनता

जनता को नेताओं से उनके काम के आधार पर सवाल पूछने और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार का विरोध करने की जरुरत है। उन्होंने नवोदित पत्रकारों को भी पत्रकारिता की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का मंच संचालन राजीव बंसल ने किया। अजय सैनी और जगदीश सैनी ने मंच से संबोधित करते हुए राजेंद्र सोरखी का स्वागत किया, जबकि मुकेश माही ने प्रेरक प्रसंग के माध्यम से उनका सम्मान किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार पंकज नागपाल, ब्रह्म स्वरूप विमल, विनोद गगवानी, प्रदीप दुहन, अनुराग सिंह, केशव धमीजा, संचित मलिक, राज विमल, राहुल राजपूत, दिनकर गावड़ी, प्रतीक कुमार, महाबीर सोनी, श्रुति धमीजा, अश्वनी बतरा, जतिन, साहिल और रामनिवास सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।

Reported By: Praveen Kumar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here