दो किमी तक मौत बनकर दौड़ी कार, बोनट पर लटकी रहीं मां-बेटी

0
6

मथुरा: थाना जमुनापार क्षेत्र के पानीगांव में रुपयों के लेन-देन के विवाद में दबंगों की हैरान कर देने वाली करतूत सामने आई है। विवाद के दौरान कार सवार लोगों ने एक महिला और उसकी बेटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों कार के बोनट पर जा गिरीं, लेकिन आरोपियों ने कार रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। मां-बेटी को बोनट पर लटकाए कार सवार करीब दो किलोमीटर तक चलते रहे। खौफनाक मंजर देखकर राहगीरों की चीख निकल गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

रुपये के विवाद में टक्कर मारकर बोनट पर ले जाने का आरोप

घटना दो नवंबर की रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रुपयों के लेन-देन को लेकर कार सवार लोगों और पीड़ित परिवार के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि कार सवार पहले महिला के घर पहुंचे और वहां जमकर हंगामा किया। इसके बाद विवाद बढ़ने पर महिला और उसकी बेटी ने कार के सामने खड़े होकर उसे रोकने का प्रयास किया। आरोपियों ने वाहन रोकने के बजाय दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मां-बेटी कार के बोनट पर जा गिरीं। इसके बावजूद चालक ने कार नहीं रोकी और दोनों को बोनट पर लटकाए करीब दो किलोमीटर तक गाड़ी दौड़ाता रहा।

पुलिस जांच और वायरल सीसीटीवी फुटेज से आक्रोश

बताया गया है कि आरोपी मां-बेटी को मांट रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 और पानीगांव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल मां-बेटी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। इधर, घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश है। फुटेज में मां-बेटी कार के बोनट पर दिखाई दे रही हैं। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here