ट्रंप ने जिसे बताया था 'जिहादी', उसी अब्दुल ने रचा इतिहास, पहली बार अमेरिकी सीनेट पहुंचा मुस्लिम सांसद

0
8

नई दिल्ली: अमेरिकी संसद के चुनाव में पहली बार किसी मुस्लिम नेता ने जीत का परचम लहराया है। सीनेट चुनाव में डॉक्टर और प्रगतिशील नेता अब्दुल अल-सैयद ने मिशिगन सीट से जीत हासिल कर डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी को चौंका दिया है। उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार माइक रोजर्स को हराया। इस जीत के साथ डेमोक्रेटिक पार्टी ने अमेरिकी संसद के उच्च सदन पर नियंत्रण हासिल कर लिया है।

जीत की घोषणा करते हुए सैयद ने कहा, आपने मुझे अपने घरों, अपने चर्चों और अपने सिनेगॉग में स्वागत किया। उन्होंने जीत का श्रेय उस आंदोलन को दिया, जिसे उन्होंने डेढ़ साल तक मिशिगन के बड़े शहरों से लेकर छोटे कस्बों तक प्रचार करके खड़ा किया था। उन्होंने कहा कि जब वे सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, तब मतदाताओं ने ही उन्हें ताकत दी।

भारत से है खास कनेक्शन

अब्दुल सैयद का भारत से भी गहरा रिश्ता है। उनकी पत्नी डॉ. सारा जुकाकू एक मनोचिकित्सक हैं। उनका परिवार कर्नाटक से है, जो मंगलुरु से करीब 140 किमी दूर है। सारा शमशुद्दीन की पोती हैं, जिन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री बीडी जत्ती के कार्यकाल में मैसूर राज्य में वित्त उप-मंत्री के रूप में काम किया था।

मिशिगन यूनिवर्सिटी में हुई थी मुलाकात

रोड्स स्कॉलर रहे अल-सैयद की मुलाकात सारा से मिशिगन विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान हुई थी। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, मेरी शादी एक दक्षिण भारतीय परिवार में हुई है और मुझे 20 साल हो चुके हैं। अब मैं पूरी तरह इसमें घुल-मिल गया हूं। सच कहूं तो शायद मैं अरबी होने से ज्यादा भारतीय हूं।

ट्रंप रहे हैं सबसे बड़े आलोचक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उनके सबसे बड़े आलोचकों में रहे हैं। आलोचकों ने अक्सर सैयद के नाम और धर्म को निशाना बनाया। ट्रंप ने उन पर जिहादी होने का आरोप लगाया और कहा था कि सीनेट में जाने के लिए उन्हें मेटल डिटेक्टर से गुजरना होगा। सैयद ने कहा कि उनके विरोधियों ने गैस और किराने की बढ़ती कीमतों पर बात करने के बजाय समाज को बांटने का रास्ता चुना।

कौन हैं माइक रोजर्स?

माइक रोजर्स पूर्व कांग्रेस सदस्य हैं और उन्हें ट्रंप का समर्थन मिला था। 2024 के सीनेट चुनाव में वे एलिसा स्लॉटकिन से महज 0.3 प्रतिशत अंकों से हारे थे। इस बार उनका मुकाबला सैयद से था। सैयद वेन काउंटी के पूर्व स्वास्थ्य निदेशक रह चुके हैं। उन्होंने इस साल की शुरुआत में प्राइमरी चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की पसंदीदा उम्मीदवार हेली स्टीवंस को हराकर सबको चौंका दिया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here