त्योहारों में अफवाहों का खेल खेलने वालों की अब खैर नहीं, पुरानी घटनाओं के वीडियो को ताजा बताकर फैलाने वालों पर उत्तर रेलवे सख्त

0
5

नई दिल्ली: त्योहारों का मौसम है रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में कुछ लोग सोशल मीडिया को अफवाहों का अड्डा बनाने में जुटे हैं। पुरानी घटनाओं और असंबंधित वीडियो को नया बताकर प्रसारित कर यात्रियों के बीच डर और भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ अब उत्तर रेलवे ने सख्त रुख अपना लिया है। रेलवे प्रशासन ने फर्जी वीडियो प्रसारित करने के आरोप में दो इंस्टाग्राम हैंडलर्स के खिलाफ 4 नवंबर 2026 को एफआईआर दर्ज कराई है।

पुराने वीडियो वायरल कर भ्रम फैलाने की कोशिश, रेलवे ने चेताया

उत्तर रेलवे प्रशासन के अनुसार कुछ असामाजिक तत्व रेलवे परिसरों और ट्रेनों से जुड़े पुराने वीडियो को मौजूदा हालात से जोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। इस तरह की भ्रामक सामग्री से न केवल आम यात्रियों में भ्रम की स्थिति पैदा होती है बल्कि रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और यात्रा संचालन को लेकर अनावश्यक अफरा-तफरी भी फैल सकती है।

त्योहारों पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, अफवाहबाजों पर होगी कानूनी कार्रवाई

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को सोशल मीडिया के जरिए गलत सूचनाएं फैलाकर लोगों को गुमराह करने की छूट नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

सत्यापन के बिना न करें शेयर, आधिकारिक सूचनाओं पर ही करें भरोसा

उत्तर रेलवे ने इंटरनेट और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि किसी भी वीडियो या खबर की सत्यता जांचे बिना उसे शेयर, रीपोस्ट या वायरल न करें। रेलवे से संबंधित किसी घटना की जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करें।रेलवे प्रशासन का साफ संदेश है कि सोशल मीडिया की लोकप्रियता के लिए यात्रियों की सुरक्षा और जनविश्वास से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here