दिवाली पर मुजफ्फरनगर के GIC मैदान में सजा पटाखा बाजार: लगी 25 से ज्यादा दुकानें, तीन दिन चलेगा बाजार, दुकानदार बोले- पटाखे महंगे

0
7

मुज़फ़्फ़रनगर: दीपावली पर आतिशबाजी के शौकीनों के लिए शहर के राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैदान में पटाखा बाजार सज गया है। यहां 25 से ज्यादा दुकानें लगाई गई हैं। तीन दिन तक चलने वाले इस बाजार में अलग-अलग वैरायटी के पटाखे उपलब्ध हैं। बाजार में सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए हैं। दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। वहीं, प्रत्येक दुकान के बाहर पानी से भरे नीले ड्रम और रेत के बैग रखे गए हैं, ताकि किसी आपात स्थिति में आग पर काबू पाने में मदद मिल सके।

दुकानें ज्यादा, बिक्री पिछले साल से हल्की  

पटाखा बाजार में इस बार दुकानों की संख्या पिछले साल के मुकाबले अधिक बताई जा रही है। हालांकि, दुकानदारों का कहना है कि पटाखों की कीमत बढ़ने और मुनाफा कम होने के कारण कारोबार की रफ्तार फिलहाल सामान्य है। पटाखा दुकानदार योगेश शर्मा ने बताया कि इस बार दुकानें ज्यादा हैं, लेकिन बिक्री पिछले साल के मुकाबले हल्की है। उनके मुताबिक, पटाखे महंगे हैं, जबकि दुकानदारों का मुनाफा कम है और खर्चे बढ़ गए हैं। उन्होंने लाइसेंस की अनुमति मिलने में देरी को भी व्यापारियों के लिए परेशानी बताया।

मुर्गा और राजन वैरायटी की मांग, ग्रीन पटाखे उपलब्ध

योगेश शर्मा के अनुसार, बाजार में मुर्गा और राजन नाम की वैरायटी के पटाखों की मांग है। इसके अलावा कुछ नई वैरायटी भी बाजार में आई हैं। वहीं, दूसरे दुकानदार कृष्ण कुमार उर्फ रावण ने बताया कि फिलहाल कारोबार मध्यम स्तर पर है, लेकिन उन्हें आगे बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस बार भी बाजार में ग्रीन पटाखे ही उपलब्ध हैं और वैरायटी में पिछले साल के मुकाबले कोई बड़ा बदलाव नहीं है।

दुकानों का खर्च और शुल्क

दुकानों के खर्च को लेकर भी दुकानदारों ने जानकारी दी। योगेश शर्मा ने बताया कि टीन शेड और बिजली सहित बाजार की व्यवस्थाओं पर होने वाला खर्च दुकानदार आपस में बांटते हैं। उनके मुताबिक, प्रति दुकान यह खर्च करीब पांच से छह हजार रुपये तक बैठ सकता है। वहीं, बाजार की व्यवस्था के तहत प्रति दुकान छह हजार रुपये शुल्क लिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान

दीपावली के मौके पर पटाखा बाजार में सुरक्षा को लेकर दमकल विभाग की गाड़ियां तैनात की गई हैं। दुकानों के बाहर पानी के ड्रम और रेत के बैग रखे गए हैं। बाजार में खरीदारी के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Reported by: Rohit 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here