रोशनी के त्योहार पर सुरक्षा का अभेद्य पहरा, सड़कों पर उतरी पुलिस

0
6

ग्रेटर नोएडा: दीपों का पर्व दीपावली खुशियों और उल्लास के साथ मनाया जाए इसके लिए सेंट्रल नोएडा में पुलिस ने सुरक्षा का मजबूत पहरा खड़ा कर दिया है। त्योहार की रौनक के बीच किसी भी शरारती तत्व को माहौल बिगाड़ने का मौका न मिले इसके लिए पुलिस सड़कों पर उतर आई है। कहीं पुलिस वाहनों का काफिला फ्लैग मार्च करता नजर आया तो कहीं आसमान से ड्रोन कैमरों ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की पैनी नजर है।

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह एवं पुलिस बल के साथ सेंट्रल नोएडा जोन के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहनों के काफिले के साथ प्रमुख मार्गों, बाजारों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। ड्रोन के माध्यम से भी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी की गई, ताकि जमीन से लेकर आसमान तक सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा सके।

बाजारों से चौराहों तक सुरक्षा का रियलिटी चेक

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। यातायात प्रबंधन वाहनों की पार्किंग, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और प्रमुख स्थानों पर की गई बैरिकेडिंग को परखा गया। पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

संदिग्धों पर नजर, हर रास्ते पर पुलिस का पहरा

डीसीपी ने निर्देश दिए कि दीपावली के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में लगातार पुलिस गश्त और फ्लैग मार्च जारी रखा जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जाए। सभी पीसीआर और पीआरवी वाहन लगातार भ्रमणशील रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सके। बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के साथ पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।

डीसीपी का संदेश सुरक्षा में नहीं होगी कोई ढिलाई

डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पूरे जोन में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई गई है। फ्लैग मार्च और ड्रोन के माध्यम से लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। बाजारों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच के साथ पीसीआर और पीआरवी को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आमजन निर्भीक होकर त्योहार मनाएं। पुलिस हर परिस्थिति से निपटने के लिए सतर्क और तैयार है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Image Courtesy/ Pankaj Rai
Image Courtesy/ Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here