जापान में गाजियाबाद के प्रदीप कुमार का दमदार प्रदर्शन, भाला फेंक में जीता रजत पदक

0
6

गाजियाबाद: जज्बा बुलंद हो, हौसलों में उड़ान हो और लक्ष्य हासिल करने का जुनून हो तो कोई भी बाधा सफलता का रास्ता नहीं रोक सकती। इसी संकल्प को साकार करते हुए गाजियाबाद के पैरा खिलाड़ी प्रदीप कुमार ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित पांचवें एशियाई पैरा खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन कर भारत की झोली में रजत पदक डाल दिया। पुरुषों की भाला फेंक एफ-54 स्पर्धा में प्रदीप कुमार ने 27.45 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर दूसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से गाजियाबाद सहित उत्तर प्रदेश और देशभर में खुशी की लहर है।

प्रदीप कुमार की यह कामयाबी उनकी वर्षों की मेहनत, अनुशासन लगन और अटूट इच्छाशक्ति का परिणाम है। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर पदक जीतकर उन्होंने न केवल देश का गौरव बढ़ाया बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा की नई मिसाल पेश की है।

प्रतियोगिता से पहले बढ़ाया गया था हौसला

प्रदीप कुमार की इस उपलब्धि में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की भी अहम भूमिका रही। प्रतियोगिता से पहले उत्तर प्रदेश पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में उन्हें भाला भेंट कर सम्मानित किया गया था। इस दौरान पदाधिकारियों ने उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया था। कार्यक्रम में जेपी सिंह एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष खंडेलवाल और उपाध्यक्ष अरुण स्वामी उपस्थित रहे।

अरुण स्वामी ने दी बधाई

उत्तर प्रदेश पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अरुण स्वामी ने प्रदीप कुमार को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणा होती है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर आगे बढ़ने के अवसर देना है। प्रदीप कुमार का रजत पदक जीतना सभी के लिए गर्व का विषय है। कहते है हौसलों की उड़ान, मेहनत की पहचान प्रदीप कुमार ने रजत पदक से बढ़ाया हिंदुस्तान का मान!

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here