बिहार के वेल्डर ने फर्राटेदार अंग्रेजी से जीता विदेशी का दिल, इंटरव्यूअर बोला- 'मेरी तरफ से तुम पास हो!'

0
6

नई दिल्लीः बिहार के एक वेल्डर ने अपनी मेहनत, हुनर और आत्मविश्वास से साबित कर दिया है कि कामयाबी के लिए सिर्फ बड़ी डिग्री या अच्छे स्कूल में पढ़ाई करना ही जरूरी नहीं है। सोशल मीडिया पर बिंदेश्वरी कुमार नाम के वेल्डर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वह यूरोप में नौकरी पाने के लिए एक विदेशी इंटरव्यूअर के सामने अंग्रेजी में जवाब देते नजर आ रहे हैं। उनकी बातचीत का तरीका और काम की जानकारी देखकर इंटरव्यू लेने वाला शख्स भी काफी प्रभावित हो जाता है। इंटरव्यू के दौरान बिंदेश्वरी बताते हैं कि वह बिहार से हैं और पिछले 14 साल से MIG वेल्डर के तौर पर काम कर रहे हैं। इनमें सात साल का अनुभव भारत और सात साल का UAE का है। वह बताते हैं कि उन्हें वेल्डिंग की अलग-अलग पोजिशन में काम करने के साथ टेक्निकल ड्राइंग पढ़ने और फैब्रिकेशन की अच्छी समझ है। इसके अलावा उन्हें ISO और AWS जैसे अंतरराष्ट्रीय वेल्डिंग मानकों की भी जानकारी है।

बख्तरबंद गाड़ियां बनाने का है अनुभव

इंटरव्यू के दौरान जब विदेशी अधिकारी ने बिंदेश्वरी से UAE में उनके काम के बारे में पूछा, तो उन्होंने बताया कि वे वहां पाइप वेल्डिंग नहीं, बल्कि सेना के लिए बख्तरबंद गाड़ियां बनाने का काम करते थे। इस क्षेत्र में उन्हें करीब पांच साल का अनुभव भी है। उनका यह जवाब सुनकर इंटरव्यूअर तारीफ करते हुए कहता है, ‘शानदार मेरे भाई। तुम्हारा अनुभव और अंग्रेजी दोनों कमाल के हैं। मेरी तरफ से तुम पास हो।’ इस इंटरव्यू के बाद बिंदेश्वरी का चयन यूरोप में नौकरी के लिए हो गया। हालांकि, उनकी सफलता के साथ एक सवाल भी सामने आया है कि देश में कुशल कामगारों को उनके हुनर के मुताबिक पैसा और सम्मान क्यों नहीं मिलता है? वीडियो में भी इसी बात पर चर्चा हो रही है कि बिंदेश्वरी जैसे हुनरमंद लोगों को बेहतर कमाई के लिए विदेश क्यों जाना पड़ रहा है।

सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ

वीडियो पर कई यूजर्स ने बिंदेश्वरी की तारीफ की। किरण कुमार मैट्टी ने लिखा कि जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए किताबी पढ़ाई से ज्यादा हुनर जरूरी है। निखिलम ने भारतीय उद्योगों में कुशल मजदूरों को कम वेतन मिलने की बात उठाई। स्मिता कुमार और Epic Quest News ने बिहार के युवाओं को कम्युनिकेशन स्किल बेहतर करने और बेहतर अवसर तलाशने की सलाह दी। वहीं, CEO of Lying Down ने यूरोप में रहने के ज्यादा खर्च की ओर ध्यान दिलाया। कुछ यूजर्स ने मजाकिया कमेंट भी कर रहे हैं कि भाई ने तो पबजी गेम की गाड़ी ही वेल्ड कर डाला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here