बालकनी से गिर रहा था मासूम, 5 सेकेंड में शख्स ने दौड़कर बचाई जान, Video देख दंग रह जाएंगे

0
5

नई दिल्ली: मिस्र के गीजा शहर से इंसानियत और फुर्ती की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने सभी का दिल जीत लिया। यहां 5 साल का एक बच्चा दूसरी मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गया, लेकिन जमीन पर गिरने से पहले ही 25 साल के एक युवक ने उसे हवा में ही लपक लिया। इस पूरे रेस्क्यू का CCTV वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह घटना गीजा के अर्द-एल-लीवा इलाके की है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि बच्चा बालकनी से नीचे की ओर गिर रहा है। तभी नीचे दुकान के पास खड़े अहमद रागब की नजर उस पर पड़ती है। वह एक सेकेंड भी गंवाए बिना बच्चे की गिरने की दिशा में दौड़ते हैं और सही पोजीशन लेकर उसे अपनी बाहों में थाम लेते हैं।

कैसे हुआ यह हादसा?

अहमद ने मिस्र के मीडिया को बताया कि वह उस वक्त इलाके में एक दुकान के पास खड़े थे। पास में ही एक दूसरे बच्चे ने ऊपर की तरफ इशारा किया। जब उन्होंने ऊपर देखा तो एक छोटा बच्चा बालकनी से गिर रहा था। उन्होंने बिना कुछ सोचे उसकी तरफ दौड़ लगा दी। अहमद ने कहा, सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि मुझे खुद समझ नहीं आया कि मैं बच्चे तक इतनी जल्दी कैसे पहुंच गया। उस वक्त दिमाग में सिर्फ एक ही बात थी, किसी भी तरह बच्चे को बचाना है।

गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक बच्चे की किस्मत भी अच्छी थी। गिरते वक्त वह पहले कपड़े सुखाने वाली रस्सी से टकराया, जिससे उसकी स्पीड थोड़ी कम हो गई। इसी एक सेकेंड के गैप ने अहमद को बच्चे तक पहुंचने का मौका दे दिया।

वीडियो वायरल, लोग कर रहे हैं तारीफ

बच्चे को बचाने के बाद अहमद खुद इतने घबरा गए कि सड़क किनारे पड़े एक गद्दे पर बैठ गए। तनाव के कारण वह कुछ देर तक वहीं बैठे रहे। इस घटना का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर हीरो बन गए हैं अहमद। यूजर्स उनकी फुर्ती और हिम्मत की जमकर तारीफ कर रहे हैं। अहमद ने कहा कि उन्होंने यह सब तारीफ पाने के लिए नहीं किया। सामने एक बच्चा गिर रहा था, तो उसे बचाना मेरी जिम्मेदारी थी। उन्होंने यह भी कहा कि यह घटना सभी पेरेंट्स के लिए सबक है कि बच्चों को बालकनी में कभी अकेला न छोड़ें और उन पर लगातार नजर रखें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here