नई दिल्ली: पाकिस्तान की जानी-मानी टीवी एंकर राबिया एहसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह घटना रविवार को रावलपिंडी के गुलशनाबाद इलाके में हुई। राबिया अपने घर पर मृत पाई गईं। इस घटना से पाकिस्तान की पूरी मीडिया इंडस्ट्री सदमे में है। समा चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक, गोली लगने से उनकी मौत हुई है।
पति ने कबूली हत्या की बात
इस हत्या में सबसे चौंकाने वाला नाम राबिया के पति एहसान ताहिर खान का सामने आ रहा है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में उन्होंने हत्या करने की बात कबूल कर ली है। सिटी पुलिस ऑफिसर हसन मुश्ताक सुखेरा ने बताया कि पति को हिरासत में ले लिया गया है और संदिग्ध हथियार भी जब्त कर लिया गया है। मामले की जांत शुरू कर दी गई है।
गलती से गोली चलने का दावा
पुलिस के मुताबिक, पति का दावा है कि गोली गलती से चली थी। पूछताछ में खान ने बताया कि जब यह पिस्तौल को संभाल रहा था, तो वह अचानक चल गई। उसे यह भी नहीं पता था कि पिस्तौल लोड थी। घर में काम करने वाले सहायक ने भी पुलिस को बतया कि खान ने यही कहा था कि गोली दुर्घटनावाश चली थी। पुलिस इस दाव की जांच कर रही है।
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम
सीपीओ सुखेरा ने एसएसपी ऑपरेशन, एसएसपी जांच और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया। पंजाब फोरेंसिक साइंस एजेंसी की टीमों ने मौके से सबूत जुटाए हैं। राबिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने पिस्तौल बरामद कर ली है, जिसके हत्या में इस्तेमाल होने का संदेह है।
कौन थीं राबिया एहसान
41 साल की राबिया एहसान निजी टीवी चैनल 92 न्यूज से एंकर और प्रोग्राम होस्ट के तौर पर जुड़ी थीं। उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार आमिर मतीन और रऊफ क्लासरा के साथ मिलकर करंट अफेयर्स के एक कार्यक्रम को भी होस्ट किया था। उनकी दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र 13 और 11 साल है। डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, जिस समय गोलीबारी हुई, उस वक्त बच्चे अपनी नानी के साथ लॉन में मौजूद थे।
इस हत्या पर पाकिस्तान की फर्स्ट लेडी आसिफा भुट्टो-जरदारी ने गहरा दुख जताया और हिंसा की कड़ी निंदा की। राष्ट्रपति कार्यालय से जारी बयान में उन्होंने मामले की पूरी, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके।
दूसरी कामकाजी महिला की हत्या का जिक्र
आसिफा भुट्टो ने चिंता जताई कि उसी इलाके में एक और कामकाजी महिला की हत्या का परेशान करने वाला पैटर्न दिख रहा है। उन्होंने 45 साल की डिजिटल मीडिया एग्जीक्यूटिव हिना जावेद की हत्या का जिक्र किया, जो अगस्त में रावलपिंडी स्थित अपने घर में मृत पाई गई थीं और उनके शरीर पर यातना के निशान थे। उस मामले की जांच के नतीजे का अभी भी इंतजार है।












