नई दिल्ली: अमेरिकी चिप कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसेन हुआंग को हनीट्रैप में फंसाने के दावों को चीन ने पूर तरह खारिज कर दिया है। बीजिंग ने इन आरोपों को आधारहीन बताते हुए कहा है कि यह चीन की छवि को खराब करने की दुर्भावनापूर्ण कोशिश है। चीन के मुताबिक, इस पूरे मामले में कोई सच्चाई नहीं है। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुऔ जियाकुन ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि तथाकथित चीनी जासूस से जुड़ा पूरा घटनाक्रम निराधार और बेबुनियाद है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चीन को बदनाम करने का प्रयास है। चीन का यह स्पष्टीकरण ऐसे समय में आया है, जब एनवीडिया के बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिकी जांच एजेंसियों को संदेह है कि सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड की पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग को चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय ने जेनसेन हुआंग और एनवीडिया से जुड़ी संवेदनशील जानकारी जुटाने के लिए संपर्क में रखा था। इन आरोपों के बाद मेगास्पीड भी जांच के दायरे में आ गई है। यह कंपनी एनवीडिया से बड़े पैमाने पर एआई चिप्स खरीदती है।
अमेरिकी एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि क्या मेगास्पीड के जरिए अमेरिका से प्रतिबंधित अत्याधुनिक एआई प्रोसेसर पिछले दरवाजे से चीन तक पहुंचाए जा रहे थे। अगर यह आरोप सही साबित होता है, तो यह अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा मुद्दा बन सकता है। फिलहाल जांच शुरुआती चरण में है।
नसेन हुआंग ने कर्मचारियों से मांगी माफी
इस विवाद के बीच जेनसेन हुआंग ने एनवीडिया के कर्मचारियों को एक संदेश भेजा है। इसमें उन्होंने स्वीकार किया कि वह अपने वैवाहिक जीवन में पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे। उन्होंने किसी महिला का नाम लिए बिना अपने परिवार और सहकर्मियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उनके इस संदेश के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है।
वहीं, एनवीडिया के बोर्ड का कहना है कि फिलहाल ऐसा कोई आधार नहीं दिखता, जिससे यह साबित हो कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के गोपनीय तकनीकी डेटा के साथ कोई समझौता हुआ है। बोर्ड ने कहा है कि स्वतंत्र जांच जारी है और पूरी सच्चाई सामने आने के बाद ही कोई निष्कर्ष निकाला जाएगा।












