नई दिल्ली: अमेरिका में शुक्रवार को हजारों यात्रियों को राहत मिली, जब एयर ट्रैफिक कंट्रोल की संचार व्यवस्था में आई खराबी के बाद लगाया गया ग्राउंड स्टॉप हटा दिया गया। इस रोक से करीब 13 हजार उड़ानें प्रभावित हुई थीं। परिवहन सचिव शॉन डफी ने बताया कि तकनीकी समस्या की पहचान कर ली गई है और अमेरिकी एयरस्पेस फिर खोल दिया गया है। हालांकि, सभी उड़ानें तुरंत सामान्य नहीं होंगी। सेवाओं को धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है। यात्रियों को अपनी उड़ान की स्थिति जानने के लिए एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
शॉन डफी के अनुसार, दोपहर 3:36 बजे देशभर के एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों और टर्मिनल रडार अप्रोच कंट्रोल (TRACON) में रडार तथा संचार प्रणालियों में दिक्कत आई। इससे विमानों की निगरानी के लिए मिलने वाले डेटा और पायलटों से संपर्क करने में परेशानी होने लगी। सुरक्षा को देखते हुए तय प्रक्रिया के तहत पूरे देश में ग्राउंड स्टॉप लागू किया गया। इसके तहत नई उड़ानों को जमीन पर रोक दिया गया। डफी ने बताया कि उस समय 3,500 से अधिक विमान आसमान में थे। सभी ने निर्देशों का पालन किया और सुरक्षित उतर गए। बाद में एयरस्पेस में 400 से भी कम विमान रह गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि रडार और एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम पूरी तरह बंद नहीं हुए थे।
जरूरी उड़ानों को जारी रखने की छूट
परिवहन सचिव ने बताया कि एयरस्पेस बंद होने पर भी कुछ जरूरी सेवाओं को छूट दी जाती है। इनमें मेडिकल इमरजेंसी, जीवन रक्षक दवाओं की आपूर्ति और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से जुड़ी उड़ानें शामिल हैं। इन्हें जरूरी सेवाओं को जारी रखने के लिए अनुमति दी जाती है।
हार्डवेयर में खराबी, साइबर हमले से इनकार
डफी ने कहा कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम का हार्डवेयर पुराना है और इसी में खराबी आई थी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति पिछले एक साल से कांग्रेस से नए सिस्टम के लिए पूरा बजट मंजूर करने की मांग कर रहे हैं। वहीं, होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन ने स्पष्ट किया कि घटना के पीछे साइबर हमला नहीं था और न ही इसका माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से कोई संबंध है। उन्होंने कहा कि फिलहाल साइबर अटैक या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका का कोई संकेत नहीं मिला है। जांच के लिए संबंधित टीमें और संसाधन लगाए गए हैं। मुलिन के मुताबिक, अभी पूरे भरोसे के साथ कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। अधिकारी सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।











