जनगणना-2027 में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी, 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना

0
7

अलीगढ़: जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जनपदवासियों से जनगणना में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि देश और प्रदेश के विकास की भावी योजनाओं तथा जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की बेहतर योजनाएं तैयार की जाती हैं।

स्व-गणना की सुविधा और प्रक्रिया  

डीएम ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके लिए जनपदवासी आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना पूरी होने के बाद प्राप्त पहचान संख्या को सुरक्षित रखना होगा, जिसे प्रगणक के घर पहुंचने पर सत्यापन के लिए उपलब्ध कराना होगा।

प्रगणकों द्वारा घर-घर गणना  

उन्होंने बताया कि एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। इस दौरान सभी नागरिक प्रगणकों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग करें।

विशेष वर्गों तक संदेश पहुंचाने की अपील 

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से किरायेदारों, प्रवासी श्रमिकों, वरिष्ठ नागरिकों, अकेले रहने वाले व्यक्तियों और दूरस्थ बस्तियों में रहने वाले परिवारों तक जनगणना का संदेश पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी परिवार या व्यक्ति जनगणना से छूटना नहीं चाहिए। प्रत्येक नागरिक की सहभागिता देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने जनपदवासियों से स्वयं स्व-गणना करने के साथ ही परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

Reported by: Sandeep

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here