मथुरा: आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह छाता में रफ्तार का कहर देखने को मिला। हाईवे किनारे खड़ी ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली यात्रियों से भरी ट्रैवलर बस के लिए हादसे की वजह बन गई। बस पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी और टक्कर के बाद सड़क पर पलट गई। अभी लोग संभल भी नहीं पाए थे कि पीछे से आ रही एक कार भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गई। एक के बाद एक हुए हादसों से मौके पर अफरातफरी मच गई। करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
हादसे का समय और विवरण
हादसा रविवार सुबह करीब छह बजे छाता थाना क्षेत्र में शुगर मिल के सामने हुआ। बताया गया कि 20 सीटर ट्रैवलर बस कुरुक्षेत्र से यात्रियों को लेकर उज्जैन जा रही थी। शुगर मिल के पास पहुंचते ही हाईवे किनारे खड़ी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बस की भिड़ंत हो गई। टक्कर का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बस सड़क पर पलट गई। बस में सवार यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
राहत कार्य और यातायात जाम
सूचना पर पहुंची छाता पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। बस में फंसे यात्रियों को किसी तरह बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। हादसे के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दिल्ली और आगरा की ओर जाने वाले वाहन कई किलोमीटर तक जाम में फंसे रहे।
यातायात बहाली और जांच
पुलिस ने क्रेन बुलाकर पलटी हुई बस और दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया। इसके बाद धीरे-धीरे वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। काफी देर की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
Reported By: Prem Kaushik












