ईरान ने अमेरिका को दी खुली चेतावनी, कहा – अब गलती की तो जंग का मैदान हम तय करेंगे

0
6

नई दिल्ली: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर ग़ालिबफ़ ने रविवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि ईरान अब युद्ध और शांति के बीच लटका नहीं रहेगा। अमेरिका अगर समझौता चाहता है तो उसे ईरान की सात जायज शर्तों को मानना होगा। अगर वाशिंगटन ने फिर कोई गलती की, तो इस बार लड़ाई कहां और कितनी बड़ी होगी, यह ईरान की सेना तय करेगी।

बातचीत हो या जंग, तेहरान हर हालत के लिए तैयार

संसद के वर्चुअल सत्र में बोलते हुए ग़ालिबफ़ ने कहा कि ईरान को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि अमेरिका बातचीत चाहता है या जंग। तेहरान हर हालत के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, अगर अमेरिका हमारी सात सही शर्तें मान लेता है, जो ईरानी जनता के संघर्ष और कुर्बानी का नतीजा हैं, तो समझौते का रास्ता खुला रहेगा।

गलती की तो अमेरिका की मर्जी से नहीं चलेगी जंग

लेकिन उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर इस बार भी अमेरिका ने कोई गलत कदम उठाया, तो लड़ाई के मैदान की भौगोलिक सीमा अमेरिका की मर्जी से नहीं, बल्कि ईरान की सशस्त्र सेनाओं की ताकत और इरादे से तय होगी। उन्होंने यह भी कहा कि नई जंग का असर सिर्फ दोनों देशों तक नहीं रहेगा, उसका धुआं कई और देशों को भी अपनी चपेट में लेगा।

नए मिसाइल शहर का किया जिक्र

अपने भाषण में ग़ालिबफ़ ने ईरान के नए मिसाइल शहर का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अमेरिका के साथ तनाव के बीच ही इस मिसाइल शहर का अनावरण किया गया है, जो इलाके के रणनीतिक समीकरण बदलने का संकेत है। उन्होंने ईरान की एयरोस्पेस फोर्स की तारीफ करते हुए कहा कि इसने इजरायल की नींद उड़ा दी है। ग़ालिबफ़ ने अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की हालिया टिप्पणियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बेसेंट की भाषा से अमेरिका की हताशा झलक रही है।

महंगाई और जनता की परेशानी पर भी बोले स्पीकर

हालांकि, युद्ध की बात के साथ-साथ ग़ालिबफ़ ने देश के अंदर की आर्थिक परेशानियों पर भी खुलकर बात की। उन्होंने माना कि ईरान महंगाई, बेरोजगारी और कीमतों में उतार-चढ़ाव से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि आठ महीने से ज्यादा समय तक बड़े युद्ध का सामना करने वाली जनता की रोजी-रोटी की रक्षा करना सभी अधिकारियों का सबसे बुनियादी कर्तव्य है।

एक ही चीज की कई कीमतें महंगाई नहीं, लापरवाही है

उन्होंने कहा कि अगर महंगाई के कारण किसी चीज की कीमत बढ़ाना जरूरी हो जाता है, तो वह समझ में आता है, लेकिन एक ही चीज की कई अलग-अलग कीमतें महंगाई नहीं, बल्कि बाजार की सही निगरानी न होने का नतीजा हैं। ग़ालिबफ़ के इस बयान को ईरान की तरफ से अमेरिका को दिया गया अब तक का सबसे सख्त संदेश माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here