छठ घाटों पर पुलिस का पहरा, सुरक्षा का कड़ा घेरा; यमुना से हिंडन घाट तक अधिकारियों ने परखी व्यवस्था

0
9

नोएडा: छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल ली है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और घाटों पर उमड़ने वाली आस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था संकल्प शर्मा ने जिले के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा की।

संयुक्त पुलिस आयुक्त ने यमुना और हिंडन घाटों का किया निरीक्षण

संयुक्त पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा ने अपर पुलिस उपायुक्त नोएडा अभय कुमार मिश्रा और सहायक पुलिस आयुक्त प्रथम नोएडा प्रवीण कुमार सिंह के साथ थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के अंतर्गत यमुना घाट का निरीक्षण किया। इसके बाद सहायक पुलिस आयुक्त तृतीय सेंट्रल नोएडा राजीव कुमार गुप्ता के साथ थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित हिंडन घाट पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बैरिकेडिंग, पार्किंग और गोताखोरों की तैनाती की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन और सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। विशेष रूप से घाटों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, यातायात नियंत्रण, गोताखोरों की तैनाती तथा महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था की समीक्षा की गई। इसके साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए किए गए प्रबंधों का भी जायजा लिया गया।

सुरक्षा में लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश

संयुक्त पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ ही पुलिसकर्मी लगातार भ्रमणशील रहें, ताकि भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और कानून-व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने निर्देशित किया कि यमुना और हिंडन घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा जल क्षेत्र के आसपास सुरक्षा प्रबंधों को प्रभावी रखा जाए। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस टीम तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहे।

सुरक्षित माहौल में छठ पर्व संपन्न कराने की तैयारी

गौतमबुद्धनगर पुलिस का उद्देश्य है कि छठ व्रती और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सूर्य उपासना के इस पावन पर्व को संपन्न कर सकें। घाटों पर पुलिस की मुस्तैदी, बेहतर यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के जरिए श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here