ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने अपराध नियंत्रण के साथ-साथ थानों में लंबे समय से खड़े सीज वाहनों के निस्तारण की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन-2’ के तहत सूरजपुर थाना परिसर में 83 सीज वाहनों की विधिवत नीलामी कराई गई। नीलामी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी वाहन कुल 14 लाख 75 हजार रुपये में नीलाम हुए। इस कार्रवाई से थाने में लंबे समय से जगह घेर रहे वाहनों से मुक्ति मिलने का रास्ता साफ हो गया।
पुलिस के अनुसार 14 नवंबर को माननीय न्यायालय से आवश्यक आदेश प्राप्त करने के बाद मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत सीज किए गए वाहनों की नीलामी कराई गई। निर्धारित समयावधि पूरी होने के बाद वाहनों का मूल्यांकन कराया गया और गठित टीम की निगरानी में पारदर्शी तरीके से बोली प्रक्रिया संपन्न हुई।
83 वाहनों पर लगी बोली
नीलामी में कुल 83 वाहन शामिल किए गए। इनमें 48 दोपहिया, 32 तिपहिया और तीन चारपहिया वाहन थे। नीलामी में हिस्सा लेने वाले इच्छुक बोलीदाताओं ने दो-दो लाख रुपये की धरोहर राशि जमा कराई। इसके बाद तीन लाख रुपये की न्यूनतम बोली से प्रक्रिया शुरू हुई। बोलीदाताओं के बीच प्रतिस्पर्धा के बाद मोहम्मद आकिल ने सर्वाधिक 14 लाख 75 हजार रुपये की बोली लगाकर सभी वाहनों की नीलामी अपने नाम कर ली।
अधिकारियों की निगरानी में पूरी हुई प्रक्रिया
पूरी कार्रवाई पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में तथा डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह और एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। नीलामी के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त तृतीय, सेंट्रल नोएडा, थाना सूरजपुर के प्रभारी निरीक्षक, आरआई टेक्निकल, परिवहन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस पहल से थानों में वर्षों से खड़े सीज वाहनों के निस्तारण को गति मिली है। ‘ऑपरेशन क्लीन-2’ के तहत की गई यह कार्रवाई पुलिस की व्यवस्था सुधारने और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Reported By: Pankaj Rai












