नई दिल्ली: दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा अचानक गिर पड़ा। हादसा उस वक्त हुआ जब दूसरी मंजिल पर लैंटर डालने का काम चल रहा था। अचानक भरभराकर मलबा नीचे आ गिरा और वहां काम कर रहे 8 मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और दूसरी एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल विभाग ने राहत और बचाव के लिए तीन गाड़ियां भेजीं। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को घेर लिया, ताकि बचाव कार्य में कोई दिक्कत न हो और भीड़ की वजह से कोई और हादसा न हो जाए।
PCR कॉल पर मिली सूचना
पुलिस के मुताबिक, रविवार 15 नवंबर को पहाड़गंज थाने में एक PCR कॉल आई थी। कॉल में बताया गया था कि काशेरूवालान इलाके में संपत्ति संख्या 3992-3993 में इमारत का एक हिस्सा गिर गया है। यह इमारत संगतराशन इलाके में गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के ठीक सामने स्थित है। वहां होटल बनाने का काम चल रहा था।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जब इमारत का निरीक्षण किया तो कई खामियां नजर आईं। बताया गया कि इमारत के सपोर्टिंग कॉलम गीले थे और पूरी संरचना एक तरफ झुकी हुई दिखाई दे रही थी। आशंका जताई जा रही है कि कमजोर सपोर्ट और गीले कॉलम की वजह से ही लैंटर डालते वक्त इमारत का हिस्सा ढह गया। हालांकि, हादसे की असली वजह क्या है, इसकी जांच अभी चल रही है।
सभी घायल लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती
हादसे में घायल सभी मजदूरों को तुरंत लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की पहचान शेख सद्दाम (37), शेख राजा (20), मोहम्मद सुहैल (50), संजुद खान (40), गौतम यादव (28), वरुण यादव (36), राजा (36) और मांत्सु (40) के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि कुछ मजदूरों को फ्रैक्चर हुआ है, जबकि कुछ को मामूली चोटें आई हैं। सभी की हालत पर डॉक्टर नजर रख रहे हैं और उनकी मेडिकल निगरानी की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगा रही है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा के नियमों का पालन हो रहा था या नहीं। इमारत के मालिक और ठेकेदार से भी पूछताछ की जा रही है। अगर लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।












