नई दिल्ली: अच्छी कमाई के लिए बड़ी डिग्री और कॉर्पोरेट नौकरी ही चाहिए, हाल ही में यह सोच ब्रिटेन की लिज़ ईस्ट ने गलत साबित कर दी है। बता दें, 30 साल की लिज़ ने क्रिमिनल डिफेंस लॉयर की जॉब छोड़कर डॉग-वॉकिंग का काम शुरू किया और आज वह पहले से ज्यादा खुश और अमीर हैं। लिज़ ने कानून के क्षेत्र में 4 साल तक पैरालीगल के तौर पर काम किया।
इस दौरान उनका दिन सिर्फ ऑफिस में नहीं गुजरता था। कोर्ट जाना, जेल का दौरा करना और क्लाइंट्स से मिलना जैसी तमाम चीज़ें होती थी, इसके चलते उनका रूटीन 12 घंटे से भी ज्यादा का हो जाता था। ऊपर से लंदन आने-जाने में 2 घंटे अलग लगते थे। इस भागदौड़ में उन्हें लगने लगा था कि वह उम्र से पहले ही थक गई हैं। लेकिन इस दौरान उन्होंने एक ऐसा निर्णय लिया, जिसने उनकी जिंदगी बदल दी।
नौकरी छोड़ने का बनाया मन
लिज़ ने इस दौरान अपना करने बदलने के बारे में विचार किया, जिसके लिए उन्हें उनके पति से प्रेरणा मिली। उनके पति पहले से ही डॉग-वॉकिंग और डॉग-बोर्डिंग का बिजनेस करते थे और अपने काम से बेहद खुश थे। लिज़ ने देखा कि वह वीकेंड को लेकर परेशान रहती हैं, जबकि उनके पति काम को एन्जॉय करते हैं। बस, यहीं से उन्होंने नौकरी छोड़ने का मन बना लिया।
नौकरी छोड़ने के बाद शुरुआत आसान नहीं थी। लिज़ ने एक वैन खरीदी और खर्च चलाने के लिए लोकल पब में भी काम किया। इसके साथ ही धीरे-धीरे उन्होंने अपने क्लाइंट बनाए और आज उनका शेड्यूल पूरी तरह बुक रहता है।
कुत्ते घुमाकर कमा रही दिन के 51 हजार
अब लिज़ दिन में 4 बार अलग-अलग ग्रुप में 20 से 30 कुत्तों को घुमाती हैं। वह एक कुत्ते के लिए करीब 14 पाउंड यानी लगभग 1800 रुपये प्रति घंटा चार्ज करती हैं। इससे उनकी एक दिन की कमाई 300 से 400 पाउंड यानी 38 हजार से 51 हजार रुपये तक हो जाती है। उनका दावा है कि वह पुरानी नौकरी के मुकाबले हर महीने हजारों पाउंड ज्यादा कमा रही हैं, वो भी आधे समय काम करके।
हालांकि, जब उन्होंने यह बदलाव किया तो कई लोगों ने ताने भी मारे। किसी ने कहा कि 6 साल की पढ़ाई बर्बाद कर दी। लेकिन लिज़ का मानना है कि पढ़ाई कभी बर्बाद नहीं जाती। कानून की पढ़ाई में सीखी चीजें आज भी उनके काम आती हैं।
लोगों को दी ये खास सलाह
लिज़ कहती हैं कि लोग सोचते हैं कि वह अब कम कमाती होंगी, लेकिन सच इसके उलट है। साथ ही वह यह भी कहती हैं कि सिर्फ पैसे के लिए इस फील्ड में न आएं। यह काम तभी करें जब आपको कुत्तों से प्यार हो और बाहर समय बिताना पसंद हो। ब्रिटेन में डॉग-वॉकिंग का स्कोप बहुत बड़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक वहां 1.11 करोड़ पालतू कुत्ते हैं। लिज़ की कहानी उन लोगों के लिए सबक है जो नौकरी से खुश नहीं हैं।












