नई दिल्ली: लोक आस्था, तपस्या और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर राजधानी दिल्ली का वातावरण भक्तिमय नजर आया। घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, छठी मैया के जयकारों और सूर्य देव की आराधना के बीच आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। इसी क्रम में दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने रविवार को किराड़ी स्थित छठ घाट पहुंचकर हजारों श्रद्धालुओं के साथ सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
किराड़ी के छठ घाट पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर की मौजूदगी ने आयोजन की रौनक बढ़ाई। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व निगम पार्षद रामदयाल महतो, अनिता सिंह, सुशील गोयल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। घाट पर छठ व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार और समाज की मंगलकामना की।
छठ आयोजन की व्यवस्थाओं पर सरकार की सराहना
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि इस वर्ष राजधानी में छठ महापर्व को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला है। दिल्ली सरकार की ओर से छठ पूजा समितियों, सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं को आयोजन के लिए हर संभव सहायता एवं सहयोग उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में की गई व्यवस्थाओं और व्यापक प्रयासों की श्रद्धालुओं ने सराहना की है। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से छठ पूजा समितियों को आयोजन में काफी सहूलियत मिली है और श्रद्धालु पूरे उत्साह तथा श्रद्धा के साथ पर्व मना रहे हैं।
11 किलोमीटर लंबे घाट और कृत्रिम जलाशयों से मिली सुविधा
महापौर ने कहा कि दिल्ली के विभिन्न इलाकों में छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कृत्रिम जलाशयों और अस्थायी छठ घाटों की व्यवस्था की गई। इन व्यवस्थाओं के कारण माताओं-बहनों और अन्य श्रद्धालुओं को दूर जाने के बजाय अपने आसपास ही सूर्य उपासना करने का अवसर मिला। उन्होंने दिल्ली सरकार द्वारा तैयार कराए गए 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का उल्लेख करते हुए कहा कि यह इस वर्ष पर्व के भव्य आयोजन और व्यापक तैयारियों को दर्शाता है।
स्वच्छता का संकल्प, जनभागीदारी का संदेश
पूजा-अर्चना के बाद महापौर ने श्रद्धालुओं से छठ महापर्व की पवित्रता के साथ स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन की गरिमा तभी बनी रहती है, जब उसके साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा जाए। पूजा के दौरान उत्पन्न होने वाले कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित कूड़ेदानों में डालना चाहिए।
इस अवसर पर महापौर ने उपस्थित लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा निर्धारित कूड़ेदानों में डालने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ दिल्ली का सपना केवल सरकारी प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। दिल्ली नगर निगम और आम जनता के संयुक्त प्रयासों से ही राजधानी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।
Reported By: Pankaj Rai












