म्यांमार से भारत तक नशे का साम्राज्य, 236 किलो मेथामफेटामाइन तस्करी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

0
8

नई दिल्ली: म्यांमार से भारत तक फैले नशे के काले कारोबार पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने एक और बड़ा प्रहार किया है। मिजोरम में 236.33 किलोग्राम मेथामफेटामाइन की भारी खेप जब्त किए जाने के मामले में जांच एजेंसी ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नूरुल इस्लाम के रूप में हुई है, जिसे 15 नवंबर 2026 को असम के सिलचर से दबोचा गया।

जब्त की गई नशीली गोलियों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30.72 करोड़ रुपये बताई गई है। एनआईए के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से कई डिजिटल उपकरण भी बरामद किए गए हैं। इनमें मोबाइल फोन और मेमोरी कार्ड शामिल हैं। जांच एजेंसी इन उपकरणों में मौजूद संभावित डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर तस्करी के पूरे नेटवर्क, उसके संपर्कों और अन्य सहयोगियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

सीमा पार से देश के भीतर तक फैला था जाल

एनआईए की जांच में सामने आया है कि नूरुल इस्लाम इस मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का कथित मुख्य साजिशकर्ता और मास्टरमाइंड था। जांच एजेंसी के अनुसार, म्यांमार से मेथामफेटामाइन की खेप को भारत की मुख्य भूमि तक पहुंचाने के लिए सीमा पार तस्करी और अंतरराज्यीय नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस पूरे नेटवर्क के पीछे नूरुल इस्लाम की अहम भूमिका सामने आई है। मामले की गंभीरता इसलिए भी अधिक है, क्योंकि इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए कई स्तरों पर संपर्क और समन्वय की आशंका है। एनआईए अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा नशीली गोलियों को भारत के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने की क्या योजना बनाई गई थी।

मई 2025 में पकड़ी गई थी करोड़ों की खेप

इस पूरे मामले की शुरुआत मई 2025 में हुई थी, जब मिजोरम के चम्फाई जिले में 236.33 किलोग्राम मेथामफेटामाइन की गोलियां जब्त की गई थीं। इस बड़ी बरामदगी के बाद तस्करी के नेटवर्क और उसके पीछे सक्रिय लोगों की भूमिका की जांच शुरू हुई। प्रारंभ में इस मामले में डुंगतलांग थाने में प्राथमिकी संख्या 17/2025 दर्ज की गई थी। बाद में एनआईए ने इसे अपने हाथ में लेकर मामला आरसी-02/2026/एनआईए/दिल्ली के रूप में दर्ज किया।

पांच आरोपियों पर पहले ही दाखिल हो चुकी है चार्जशीट

जांच के दौरान एनआईए इससे पहले पांच आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। इन पांच आरोपियों में मिजोरम के दो, त्रिपुरा के दो और असम का एक व्यक्ति शामिल है। अब नूरुल इस्लाम की गिरफ्तारी को इस मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। एजेंसी को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ और बरामद डिजिटल उपकरणों की जांच से इस नशा तस्करी गिरोह के दूसरे सदस्यों और उसकी कार्यप्रणाली से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।

नेटवर्क के बाकी चेहरों की तलाश जारी

एनआईए ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच अभी जारी है। एजेंसी की प्राथमिकता इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करना, म्यांमार से भारत तक नशीले पदार्थों की आपूर्ति के रास्तों का पता लगाना और पूरे तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करना है। करोड़ों रुपये की नशीली खेप की बरामदगी से शुरू हुई जांच अब कथित मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी तक पहुंच चुकी है। आने वाले दिनों में जांच के दौरान इस अंतरराज्यीय और सीमा पार नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here