फेस्टिव सीजन में ट्रेनों में भयंकर भीड़, फर्श पर जगह नहीं मिली तो गमछे के सहारे हवा में लटककर किया सफर, वीडियो वायरल

0
6

नई दिल्ली: फेस्टिव सीजन में ट्रेनों में भीड़ का हाल किसी से छिपा नहीं है। एसी कोच से लेकर स्लीपर, जनरल और सेकेंड सीटिंग तक हर जगह लोग भरे हुए हैं। जिसे जहां जगह मिल रही है, वह वहीं एडजस्ट होकर यात्रा कर रहा है। सामान रखने वाली जगह से लेकर बाथरूम के पास तक लोग बैठे नजर आ रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है।

वीडियो में एक शख्स फर्श पर जगह न मिलने के कारण गमछे के सहारे हवा में लटककर यात्रा करता दिख रहा है। उसने एक तौलिए / गमछे से अपना बैलेंस बना रखा है और ऊपर वाले हिस्से पर टिका हुआ है।

गमछा बांधकर लटका शख्स

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक रेलवे कोच में काफी भीड़ है। सीटों पर लोग बैठे हैं और नीचे फर्श पर भी लोग सटकर बैठे हुए हैं। महिलाओं और बच्चों समेत कई यात्री एक-दूसरे से चिपककर बैठे हैं। इसी भीड़ के बीच एक शख्स सीट के ऊपर वाले हिस्से पर टिका हुआ है। उसने गमछा बांधकर उसमें खुद को लटका रखा है। गिरने से बचने के लिए उसने हाथ से लगेज स्टैंड को पकड़ रखा है। साथ ही उसने अपने सिर को एक थैले के सहारे टिका रखा है। ये नजारा वाकई हैरान कर देने वाला है, क्योंकि इस तरह यात्रा करते हुए लोग कम ही दिखते हैं।

किस ट्रेन का है वीडियो?

अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि यह वीडियो किस ट्रेन और किस रूट का है। लेकिन वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कुछ लोग इस हालत के लिए रेलवे व्यवस्था को जिम्मेदार बता रहे हैं, तो कुछ लोग बिना टिकट यात्रा करने वालों को भी दोषी ठहरा रहे हैं।

टिकट के लिए भी मारा-मारी

फेस्टिव सीजन में सिर्फ कोच में ही नहीं, टिकट बुकिंग में भी लोगों को भारी दिक्कत हो रही है। सोशल मीडिया पर लोग IRCTC की तत्काल बुकिंग न होने और सर्वर डाउन होने की शिकायत कर रहे हैं। तत्काल टिकट कुछ ही मिनटों में फुल हो जा रही है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि त्योहारों के समय ट्रेनों में कितनी भीड़ रहने वाली है। लोग घर जाने के लिए किसी भी हालत में सफर करने को मजबूर हैं। यह वीडियो भी उसी मजबूरी की तस्वीर दिखाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here