नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हरियाणा की लोक संस्कृति का ऐसा रंग चढ़ा है कि दर्शक खुद को तस्वीरें खिंचवाने से रोक नहीं पा रहे। हरियाणा सरकार की ओर से तैयार पवेलियन में सजी पारंपरिक हरियाणवी चौपाल इन दिनों आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। गांव की मिट्टी की खुशबू, सादगी और अपनत्व का एहसास कराती यह चौपाल बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को अपनी ओर खींच रही है।
चौपाल का पारंपरिक स्वरूप दर्शकों को सीधे हरियाणा के ग्रामीण परिवेश से जोड़ रहा है। यहां पहुंचने वाले लोग कुछ पल ठहरकर तस्वीरें खिंचवा रहे हैं और सेल्फी के जरिए इस यादगार अनुभव को अपने कैमरे में कैद कर रहे हैं। चौपाल के आसपास दिनभर लोगों की आवाजाही और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
लोक विरासत का जीवंत प्रदर्शन
हरियाणा पवेलियन के निदेशक अनिल चौधरी ने बताया कि चौपाल के साथ प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली की अनेक झलकियां भी प्रदर्शित की गई हैं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले दर्शकों को हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है।
दर्शकों ने की जमकर सराहना
पवेलियन में सेल्फी लेने पहुंचीं मधु ने कहा कि हरियाणा की पहचान चौपाल के बिना अधूरी है। यहां की सजावट और पारंपरिक प्रस्तुति बेहद आकर्षक है। हरियाणा पवेलियन व्यापारिक गतिविधियों के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिला रहा है।










