नई दिल्ली: दुष्कर्म, जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोपों में फरार चल रहे घोषित अपराधी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मध्य जिला के थाना पटेल नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 37 वर्षीय अरुण डबास उर्फ बिट्टू को हरियाणा के रोहतक स्थित सनसिटी टावर्स से दबोचा। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
भरोसा जीतकर पीड़िता को बनाया शिकार
मध्य जिला डीसीपी रोहित राजवीर सिंह के अनुसार, थाना पटेल नगर में दर्ज प्राथमिकी संख्या 244/25 में पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने खुद को उसका भाई बताकर पहले उसका विश्वास जीता। इसके बाद कथित तौर पर नशीला पदार्थ खिलाकर उसे बेहोश किया और दुष्कर्म किया। आरोपी पर अश्लील तस्वीरें और वीडियो बनाने तथा उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर रुपये वसूलने का प्रयास करने का भी आरोप है।
अदालत ने घोषित किया था अपराधी
मामले में लगातार फरार रहने के चलते 13 अगस्त 2026 को तीस हजारी अदालत की अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रुति चौधरी ने आरोपी को घोषित अपराधी करार दिया था। पुलिस को 16 नवंबर को सूचना मिली कि आरोपी रोहतक में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने सनसिटी टावर्स में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
हत्या और आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में संलिप्तता
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम और जेल अधिनियम से जुड़े मामलों में अपनी संलिप्तता बताई। गुरुग्राम, झज्जर और करनाल में दर्ज मुकदमों का पुलिस द्वारा सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर दिया कार्रवाई को अंजाम
इस गिरफ्तारी को थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार, जांच अधिकारी महिला उपनिरीक्षक सिमरन, हेड कांस्टेबल योगेश, हेड कांस्टेबल नरेंद्र और कांस्टेबल नरेंद्र की टीम ने अंजाम दिया। पूरी कार्रवाई एसीपी सुनील कुमार के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने स्पष्ट किया कि घोषित अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Reported By: Pankaj Rai










