गोपाष्टमी पर CM योगी ने किया गोपूजन, मथुरा में BJP की 2027 चुनावी रणनीति पर महामंथन

0
5

मथुरा:  उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच फरह के परखम स्थित गो ग्राम में भाजपा की दो दिवसीय योजना बैठक के दूसरे दिन भी राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गो ग्राम परखम पहुंचे और विधि-विधान से गोपूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के आगमन से बैठक स्थल पर सियासी हलचल और बढ़ गई।

संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर हुआ मंथन

बैठक के पहले दिन संगठन को मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने पर विस्तार से चर्चा हुई। राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के साथ जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति का आकलन किया गया। कार्यकर्ताओं की सक्रियता, बूथ प्रबंधन और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से लागू करने जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहे। पार्टी नेतृत्व ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सामने रखी जाएगी रिपोर्ट

पहले दिन हुई चर्चा और तैयारियों का पूरा ब्योरा मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सामने रखा जाएगा। बैठक में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष गो ग्राम परखम पहुंच चुके हैं। पार्टी पदाधिकारी उन्हें संगठन की मौजूदा स्थिति, पहले दिन हुए मंथन और आगामी कार्ययोजना की जानकारी देंगे। इसके आधार पर भविष्य की चुनावी रणनीति और संगठनात्मक दिशा को लेकर चर्चा होगी। राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं की मौजूदगी को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बरसाना जाकर संत रमेश बाबा को श्रद्धांजलि देंगे CM योगी

योजना बैठक में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरसाना के लिए रवाना होंगे। यहां वह संत रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर तीन बजे बैठक स्थल से बरसाना के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां की हैं। गोपाष्टमी पर गोपूजन, भाजपा की चुनावी रणनीति पर महामंथन और बरसाना में संत को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम धार्मिक और राजनीतिक, दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण है।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here