मुजफ्फरनगर में जनगणना-2027 के लिए स्वगणना अभियान की शुरुआत, डीएम समेत जनप्रतिनिधियों ने ऑनलाइन दर्ज की जानकारी

0
8

मुजफ्फरनगर: जनपद में जनगणना-2027 के तहत स्वगणना अभियान में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भागीदारी की। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार और नगर पालिका चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप ने निर्धारित मानकों के अनुसार अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर स्वगणना प्रक्रिया में सहभागिता की।

डीएम ने जनपदवासियों से की स्वगणना में शामिल होने की अपील

जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने ऑनलाइन स्वगणना करते हुए इसे राष्ट्रीय महत्व का कार्य बताया। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे स्वयं स्वगणना प्रक्रिया में हिस्सा लें और जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक कर्तव्य है कि वह अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर इस महत्वपूर्ण अभियान में सहभागी बने।

30 नवंबर तक मिलेगी स्वगणना की सुविधा

जिलाधिकारी ने बताया कि स्वगणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान नागरिक ऑनलाइन सुविधा का लाभ उठाकर अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वगणना पूरी करने की अपील की।

एडीएम और जिला जनगणना अधिकारियों ने भी दर्ज कराई जानकारी

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह और अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी देश दीपक सिंह ने भी निर्धारित मानकों के अनुसार अपनी जानकारी दर्ज कर स्वगणना में भागीदारी की।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने आवास पर पूरी की ऑनलाइन स्वगणना

भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी ने भी अपने आवास पर ऑनलाइन माध्यम से स्वगणना की और अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की इस पहल के जरिए आम नागरिकों को भी स्वगणना में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

 

Reported By: Rohit 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here