रोमानिया से दबोचा, भारत लाया गया मास्टरमाइंड, 177 करोड़ के आभूषण निवेश घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई

0
7

नई दिल्ली: करोड़ों रुपये की ठगी और धनशोधन के खेल में देश छोड़कर भागे आरोपियों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिकंजा कस दिया है। टॉरेस ज्वेलरी निवेश घोटाले के प्रमुख आरोपियों में शामिल विदेशी नागरिक ओलेक्जेंडर जैपिचेंको उर्फ एलेक्स को आखिरकार रोमानिया से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया। ईडी की तीन सदस्यीय टीम उसे संयुक्त अरब अमीरात के रास्ते मुंबई लेकर पहुंची। 17 नवंबर को शाम 4:45 बजे मुंबई हवाई अड्डे पर उसकी वापसी हुई।

मुनाफे का लालच देकर फंसाया

ईडी के मुताबिक मनी लॉन्ड्रिंग की जांच धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) 2002 के तहत शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि प्लैटिनम हर्न प्राइवेट लिमिटेड की टॉरेस ज्वेलरी दुकानों के माध्यम से छोटे निवेशकों को असाधारण मुनाफे और रेफरल बोनस का लालच दिया गया। कम कीमत के आभूषणों को कथित तौर पर कई गुना अधिक दाम पर बेचकर निवेशकों को जाल में फंसाया गया। नकदी की बड़ी रकम हवाला के जरिए भेजकर यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी में बदली गई।

177 करोड़ की संपत्ति चिह्नित

जांच में अब तक 177.12 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित संपत्ति चिह्नित की गई है। एलेक्स के निर्देश पर काम करने के आरोप में अल्पेश प्रवीणचंद्र खारा को 26 मार्च 2025 को गिरफ्तार किया गया था। मुंबई की विशेष पीएमएलए अदालत ने 3 नवंबर 2025 को एलेक्स के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। ईडी के अनुरोध पर इंटरपोल ने रेड नोटिस जारी किया। इसके बाद 23 मई 2026 को रोमानिया में उसकी अस्थायी गिरफ्तारी हुई। बुखारेस्ट की अदालत और अपीलीय अदालत से प्रत्यर्पण की मंजूरी मिलने के बाद उसे भारत लाया गया। इस कार्रवाई में ईडी, सीबीआई (इंटरपोल मामलों की नोडल एजेंसी), रोमानिया की सरकार, एनसीबी बुखारेस्ट, संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों और विदेश मंत्रालय के बीच समन्वय रहा। मामले में आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here