स्ट्रीट शील्ड का शिकंजा, 23 मुकदमों वाला झपटमार गिरफ्तार

0
5

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली में राह चलते लोगों को निशाना बनाकर झपटमारी करने वाले शातिर बदमाशों के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। विशेष अभियान ‘स्ट्रीट शील्ड’ के तहत एएसबी सेल ने 23 आपराधिक मामलों में पूर्व संलिप्तता वाले उमेश उर्फ हिमांशु उर्फ दलवाला (26) को गिरफ्तार कर चार झपटमारी की वारदातों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।

महिला का मंगलसूत्र झपटकर फरार हुआ था बदमाश

पूर्वी जिला डीसीपी राजीव कुमार रावल ने बताया कि चिल्ला गांव स्थित एमसीडी स्कूल से घर लौट रही भारती गर्ग का अशियाना अपार्टमेंट के सामने मोटरसाइकिल सवार बदमाश ने सोने का मंगलसूत्र झपट लिया था। इस मामले में मयूर विहार थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपी गिरफ्तार

वारदात के बाद एएसबी सेल की टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे त्रिलोकपुरी से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर काले-नीले रंग की यामाहा आर-15 बरामद हुई, जिसका इस्तेमाल झपटमारी में किए जाने का आरोप है।

तीन झपटमारी की वारदातों का खुलासा, दो बाइक बरामद

पूछताछ और जांच में पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र की दो तथा पांडव नगर की एक अन्य झपटमारी का भी खुलासा हुआ। पुलिस ने एक अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की, जिसकी नंबर प्लेट बदली गई थी। जांच में वह नंद नगरी थाने के चोरी के मुकदमे में दर्ज निकली। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अजय तोमर के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल मनेंद्र, शैलेंद्र, नवदीप तथा कांस्टेबल अनंतपाल और राहुल ढोबल शामिल रहे। पूरी कार्रवाई एसीपी ऑपरेशन महावीर प्रसाद की निगरानी में हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here