मथुरा: शहर में महिला और बाल सुरक्षा को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। गोविंदनगर थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय किशोरी के साथ दो युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। पीड़िता के पिता का आरोप है कि आरोपी पहले भी किशोरी को अपनी हवस का शिकार बना चुके हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया था, जिसके जरिए लगातार उसे धमकाया और ब्लैकमेल किया जा रहा था। मामले में पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शादी समारोह से लौटते समय वारदात का आरोप
बताया गया है कि बिरला मंदिर चौकी क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी किशोरी 17 अक्तूबर की रात शादी समारोह से घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में मौजूद दो युवकों ने उसे कथित तौर पर जबरन पकड़ लिया और एक खाली मकान में ले गए। आरोप है कि वहां दोनों ने किशोरी के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। काफी देर तक बेटी के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान एक बंद मकान के आसपास से किशोरी की चीखने की आवाज सुनाई दी। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो दोनों युवक वहां से भाग निकले। घर लौटने पर किशोरी ने परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।
छह महीने पहले भी दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि करीब छह माह पहले भी कॉलोनी के दो युवकों ने उनकी बेटी को अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया था। इस दौरान आरोपियों ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर वे किशोरी पर दबाव बना रहे थे। पिता का कहना है कि आरोपी इसी वीडियो के जरिए लगातार उसे ब्लैकमेल कर रहे थे। उन्होंने गोविंदनगर थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन उनका आरोप है कि काफी समय बीतने के बाद भी पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
पुलिस ने दर्ज की FIR, गिरफ्तारी के लिए जांच जारी
मामले को लेकर एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
Reported By: Prem Kaushik












