यातायात माह में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2,078 वाहनों के चालान और 15 सीज

0
2

मथुरा: शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने नवंबर माह में विशेष अभियान चलाया है। इसके तहत प्रमुख मार्गों और चौराहों से अतिक्रमण हटवाने के साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने 2078 वाहनों के चालान किए, जबकि 15 वाहनों को सीज किया गया।

गोकुल रेस्टोरेंट से केजेएस फाटक तक हटवाया अतिक्रमण

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे यातायात माह के तहत यातायात पुलिस की टीमें शहर के विभिन्न इलाकों में लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही हैं। प्रभारी निरीक्षक यातायात ने गोकुल रेस्टोरेंट के पास आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। साथ ही सड़क किनारे खड़े ठेल-ढकेलों को पीछे हटवाकर रास्ता खाली कराया, जिससे यातायात का आवागमन सुचारू हो सके। वहीं यातायात उपनिरीक्षकों ने केजेएस फाटक और डीग गेट क्षेत्र में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया।

पंपलेट बांटकर हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति किया जागरूक

पुलिस की ओर से शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर पंपलेट वितरित कर लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की गई। वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर अनुशासन बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। अभियान में पुलिस विभाग के साथ परिवहन विभाग और सामाजिक संगठनों की भी सहभागिता रही।

2,078 चालान और 15 वाहन सीज

यातायात पुलिस के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चेकिंग अभियान लगातार जारी है। अब तक 2,078 वाहनों के चालान और 15 वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की जा चुकी है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे खुद की और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें। हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा नशे में वाहन चलाने से बचें। पुलिस का कहना है कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जागरूकता और कार्रवाई दोनों अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here