34 हफ्ते की प्रेग्नेंसी में भी नहीं थमे कदम, 42 KM की मैराथन दौड़कर महिला ने रचा इतिहास, वीडियो वायरल

0
1

नई दिल्ली: अमेरिका की 38 साल की डिएड्रे कीन के लिए दौड़ना कोई नया शौक नहीं था। वह पहले ही 60 से ज्यादा मैराथन पूरी कर चुकी थीं। लेकिन साल 2026 के लिए उन्होंने एक बड़ा सपना देखा था – एक ही साल में दुनिया की सात सबसे बड़ी मैराथन पूरी करना।

पिछले साल ही उनकी शादी ब्रायन से हुई थी। दोनों परिवार बढ़ाने के बारे में सोच रहे थे। डिएड्रे को लगा कि मां बनने में अभी थोड़ा वक्त लगेगा, इसलिए उन्होंने कई बड़ी रेस के लिए नाम लिखा लिया। उनकी लिस्ट में 7 बड़ी मैराथन के अलावा आयरलैंड की एक ट्रेल मैराथन, दो अल्ट्रामैराथन और एक आयरनमैन भी था।

दौड़ते-दौड़ते पता चली प्रेग्नेंसी

डिएड्रे का यह सफर मार्च में टोक्यो मैराथन से शुरू हुआ। इसके बाद अप्रैल में उन्होंने बोस्टन और लंदन मैराथन पूरी की। इन रेस के दौरान उन्हें लगा कि उनकी रफ्तार पहले जैसी नहीं रही। शरीर में भी कुछ बदलाव महसूस हो रहे थे। जब उन्होंने जांच की तो पता चला कि वह प्रेग्नेंट हैं। यह खबर खुशी के साथ थोड़ी टेंशन भी लेकर आई। अब सवाल था कि प्रेग्नेंसी में इतनी लंबी दौड़ लगाना सही होगा या नहीं?

डॉक्टर की सलाह से बदली पूरी प्लानिंग

डिएड्रे ने अपना सपना छोड़ने के बजाय डॉक्टर से बात की। डॉक्टर की सलाह पर उन्होंने आयरनमैन और अल्ट्रामैराथन जैसी सबसे मुश्किल रेस से नाम वापस ले लिया। उन्होंने तय किया कि अब वह टाइम के पीछे नहीं भागेंगी। थकान लगे तो दौड़ने की जगह पैदल चलेंगी। खाने-पीने और शरीर में पानी की कमी न होने का खास ध्यान रखेंगी। ऐंठन या कोई दिक्कत लगे तो तुरंत रुक जाएंगी।

इसके बाद उन्होंने प्रेग्नेंसी में ही सिडनी, बर्लिन और शिकागो मैराथन पूरी की। सिडनी में वह 25 हफ्ते की प्रेग्नेंट थीं। बर्लिन में 29 हफ्ते और शिकागो में 31 हफ्ते की प्रेग्नेंसी में उन्होंने दौड़ लगाई।

न्यूयॉर्क में पूरा हुआ सपना

आखिरी पड़ाव था नवंबर में न्यूयॉर्क मैराथन। उस वक्त डिएड्रे 34 हफ्ते की प्रेग्नेंट थीं। इसके बावजूद उन्होंने 42.2 किलोमीटर की दौड़ 4 घंटे 6 मिनट 55 सेकंड में पूरी कर ली। इसी के साथ उन्होंने एक ही साल में दुनिया की 7 बड़ी मैराथन पूरी करने का अपना लक्ष्य हासिल कर लिया।

पिता की याद ने दिया हौसला

डिएड्रे ने बताया कि इस हौसले के पीछे उनके पिता जॉन की याद है। जब वह सिर्फ 13 साल की थीं, तब कैंसर से उनके पिता का निधन हो गया था। उनके पिता को भी मैराथन का बहुत शौक था। बीमारी में भी उन्होंने दौड़ना नहीं छोड़ा था। सर्जरी से ठीक एक दिन पहले भी उन्होंने न्यूयॉर्क मैराथन पूरी की थी। पिता की इसी हिम्मत ने डिएड्रे को हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कॉलेज में उन्होंने पिता की याद में दौड़ना शुरू किया, जो धीरे-धीरे उनकी जिंदगी बन गया। अब वह अपने होने वाले बच्चे को भी यही सिखाना चाहती हैं कि मुश्किल हालात में हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि प्रेग्नेंसी में मैराथन हर महिला के लिए सुरक्षित नहीं है। ऐसा करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना बहुत जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here