यूपी में आज शाम 6 बजे बजेगा एयर-रेड सायरन, 75 जिलों में होगा ब्लैकआउट मॉक ड्रिल

0
3

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आज यानी रविवार को शाम 6 बजे एक बड़ी मॉक ड्रिल होने जा रही है। राज्य के सभी 75 जिलों में एक साथ एयर-रेड ब्लैकआउट एक्सरसाइज की जाएगी। इसका मकसद युद्ध या हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में सरकार और आम लोगों की तैयारी को परखना है। इस पूरे अभ्यास की जिम्मेदारी सिविल डिफेंस विभाग को दी गई है।

क्या होगा इस ड्रिल में?

शाम 6 बजे जैसे ही ड्रिल शुरू होगी, करीब 2 मिनट तक एयर-रेड वॉर्निंग सायरन बजेगा। यह सायरन लोगों को बताएगा कि हवाई हमले की चेतावनी वाली स्थिति बन गई है। इसके बाद कुछ देर के लिए जिलों में बिजली बंद करके ब्लैकआउट जैसी स्थिति बनाई जाएगी। लोगों को तय की गई सुरक्षित जगहों पर पहुंचने और वहां ठहरने की प्रैक्टिस कराई जाएगी। इस दौरान बचाव और राहत का काम भी करके दिखाया जाएगा। पुलिस, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग और राहत टीमें एक साथ मिलकर काम करेंगी। ड्रिल खत्म होने के बाद ‘ऑल-क्लियर’ सायरन बजाया जाएगा, जिसका मतलब होगा कि अभ्यास पूरा हो गया है और स्थिति सामान्य है।

क्यों कराई जा रही है यह एक्सरसाइज?

अधिकारियों के मुताबिक, इस ड्रिल का मुख्य उद्देश्य यह देखना है कि इमरजेंसी आने पर अलग-अलग विभाग आपस में कितनी जल्दी और कितने अच्छे तरीके से तालमेल बैठा पाते हैं। साथ ही लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी इसका एक बड़ा मकसद है, ताकि असली संकट के समय घबराहट न फैले।

एक लाख वॉलंटियर होंगे शामिल

सिविल डिफेंस विभाग में इस समय करीब एक लाख वॉलंटियर जुड़े हुए हैं। इनमें से करीब 10 हजार वॉलंटियर को हाल ही में बनाई गई 60 नई जिला इकाइयों में भर्ती किया गया है। इन सभी को आपदा प्रबंधन, फर्स्ट एड, सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन की ट्रेनिंग दी जा रही है। ड्रिल के दौरान वॉलंटियर आग बुझाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, मलबे में फंसे लोगों को निकालने और गंभीर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास करेंगे।

MHA की गाइडलाइन पर हो रही ड्रिल

सिविल डिफेंस की प्रमुख सचिव संयुक्ता समद्दार ने बताया कि यह मॉक ड्रिल गृह मंत्रालय की गाइडलाइन के अनुसार आयोजित की जा रही है। इसमें राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, NDRF, SDRF, पुलिस, फायर सर्विस और स्वास्थ्य विभाग समेत कई एजेंसियां हिस्सा लेंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस अभ्यास में जनप्रतिनिधि, NCC, NSS, नेहरू युवा केंद्र, कॉलेज के छात्र और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के लोगों को भी शामिल किया जाए। साथ ही उन्होंने अफवाहों और बेवजह की घबराहट से बचने के लिए लोगों को पहले से जानकारी देने पर जोर दिया है।

बता दें, सिविल डिफेंस विभाग की स्थापना 1962 में भारत-चीन युद्ध के बाद हुई थी, ताकि आम नागरिकों को युद्धकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here