वृंदावन: सुनरख मार्ग स्थित हरे कृष्णा आर्चिड सोसायटी में किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब भी अनसुलझा है। छठी मंजिल से गिरकर राज गौतम की मौत के बाद पुलिस सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। शुरुआती जांच में किशोर के अकेले दिखाई देने की बात सामने आई है, लेकिन सोसायटी में प्रवेश करने से लेकर उसकी मौत होने तक के बीच की गतिविधियां स्पष्ट नहीं हो सकी हैं।
पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम राज गौतम की सोसायटी के एक टावर की छठी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। राज के पिता योगेश गौतम मथुरा रिफाइनरी के औद्योगिक सुरक्षा बल में चालक के पद पर तैनात हैं। घटना से एक दिन पहले ही राज अपनी मां और बहन के साथ सोसायटी में रहने वाले अपने मौसा के घर आया था। परिवार के लिए यह यात्रा दुखद घटना में बदल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान सामने आई सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, राज शाम पांच बजकर पांच मिनट पर सोसायटी के अंदर प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। कुछ मिनट बाद वह टावर बी में लिफ्ट के पास से गुजरता नजर आता है। इसके करीब 12 मिनट बाद उसके ऊंचाई से गिरने की सूचना सामने आई। इन 12 मिनटों के दौरान राज कहां गया और उसके साथ क्या हुआ, यह अभी जांच का विषय बना हुआ है। सोसायटी में लगे एक अन्य कैमरे की फुटेज स्पष्ट नहीं होने के कारण पुलिस को घटनाक्रम समझने में कठिनाई हो रही है। ऐसे में जांच के लिए उपलब्ध सभी फुटेज का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है।
कोतवाली प्रभारी अश्विनी कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फिलहाल कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई है। शरीर के कुछ हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं, जो प्रथम दृष्टया ऊंचाई से गिरने के कारण प्रतीत होते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक सामने आई सीसीटीवी फुटेज में किशोर अकेला दिखाई दे रहा है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
Reported By: Prem Kaushik












